Biodiversity Mapping Breakthrough : छत्तीसगढ़ में वन्य जीवन की नई खोज: सरगुजा में पहली बार दिखीं तीन दुर्लभ स्तनधारी प्रजातियां

Biodiversity Mapping Breakthrough : छत्तीसगढ़ के जैव विविधता मानचित्र में एक नई उपलब्धि दर्ज हुई है। हाल ही में हुए एक क्षेत्रीय सर्वेक्षण में सरगुजा जिले में तीन दुर्लभ स्तनधारी प्रजातियों—भारतीय विशाल उड़न गिलहरी, भारतीय विशाल गिलहरी और मद्रास ट्री श्रू की पहली बार दस्तावेजी उपस्थिति दर्ज की गई है। यह अध्ययन प्रकृति शोध एवं संरक्षण वेलफेयर सोसाइटी के प्रतीक ठाकुर और अंबिकापुर के कैंसर विशेषज्ञ व प्रकृति प्रेमी डॉ. हिमांशु गुप्ता द्वारा किया गया।
इन प्रजातियों की उपस्थिति को चित्रों और वितरण मानचित्रों के साथ दर्ज किया गया है। अध्ययन दर्शाता है कि ये प्रजातियां अब तक छत्तीसगढ़ में कम ज्ञात रही हैं और इनका संरक्षण आवश्यक है।
यह भी पढ़ें :- Chhattisgarh Cabinet Meeting : मानसून सत्र से पहले साय कैबिनेट की अहम बैठक शुरू, हो सकती हैं बड़ी घोषणाएं
रात में दिखी उड़न गिलहरी
उदयपुर वन परिक्षेत्र के एक साल वृक्ष पर रात में भारतीय विशाल उड़न गिलहरी को देखा गया। टॉर्च की रोशनी पड़ते ही वह पेड़ के खोखल में छिप गई और फिर छलांग लगाकर दूसरे वृक्ष में समा गई। यह घटना दर्शाती है कि सरगुजा में इस प्रजाति की उपस्थिति पहले से अधिक व्यापक हो सकती है।
केदमा गांव में विशाल गिलहरी
उदयपुर के केदमा गांव में पक्षी निरीक्षण के दौरान रतूफा इंडिका सेन्ट्रालिस यानी भारतीय विशाल गिलहरी देखी गई। इसके काले ऊपरी हिस्से, लाल सिर और सफेद पेट ने इसकी पहचान स्पष्ट की। (Biodiversity Mapping Breakthrough)
मैनपाट में ट्री श्रू की दस्तक
मद्रास ट्री श्रू, जो आमतौर पर दक्षिण भारत में पाई जाती है, को मैनपाट घाटी में चट्टानों के बीच चलते और छिपते हुए देखा गया। छत्तीसगढ़ में इसकी उपस्थिति विरले ही देखी गई है, जिससे यह एक अहम खोज मानी जा रही है। (Biodiversity Mapping Breakthrough)
संरक्षण के लिए जरूरी पहल
शोध में यह भी बताया गया कि ये प्रजातियां चयनित, खंडित और संवेदनशील आवासों में पाई जाती हैं, जिससे इनके दीर्घकालिक अस्तित्व पर संकट हो सकता है। वैज्ञानिकों ने वन आवासों के संरक्षण, पुनर्स्थापन और व्यवहार अध्ययन जैसे लक्षित संरक्षण उपायों की सिफारिश की है।
यह शोध छत्तीसगढ़ की जैव विविधता को नई दिशा देने वाला कदम है, जिससे राज्य के दुर्लभ वन्य जीवों के संरक्षण को बल मिलेगा। (Biodiversity Mapping Breakthrough)



