बेमेतरा के बिरनपुर हिंसा मामले में बड़ा फैसला, मुस्लिम पिता-पुत्र की हत्या के 17 आरोपी 3 साल बाद दोषमुक्त

Biranpur Violence Case: छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में तीन साल पहले हुई बिरनपुर हिंसा के मामले में जिला और सत्र न्यायालय ने बड़ा फैसला सुनाया है। कोर्ट ने मुस्लिम पिता-पुत्र की हत्या के मामले में गिरफ्तार 17 आरोपियों को संदेह का लाभ देते हुए दोषमुक्त कर दिया। यह फैसला अपर सत्र न्यायाधीश साक्षी दीक्षित की कोर्ट ने सुनाया। यह मामला 8 अप्रैल 2023 से लगातार चर्चा में रहा और समाज में भारी संवेदनशीलता पैदा कर चुका है।
यह भी पढ़ें:- कोरबा में 2 साल के मासूम की संदिग्ध मौत, गोबर गैस चैंबर में मिला बच्चे का शव, सोमवार से था लापता
क्या था पूरा मामला ?
8 अप्रैल 2023 को साजा विधायक ईश्वर साहू के 22 साल के बेटे भुनेश्वर साहू की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। यह विवाद बच्चों की लड़ाई से शुरू हुआ था, जो इतना बढ़ा कि भुनेश्वर साहू की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के तुरंत बाद तनाव बढ़ गया, जिसके बाद 10 अप्रैल 2023 को विश्व हिंदू परिषद ने छत्तीसगढ़ बंद का आह्वान किया। बंद और प्रदर्शन के दौरान हिंसा बढ़ गई। आगजनी हुई और मुस्लिम समुदाय के बकरी चरवाहा पिता-पुत्र रहीम मोहम्मद (55) और ईदुल मोहम्मद (35) की हत्या भी हुई। प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए धारा 144 लागू की, जो लगभग दो हफ्ते तक प्रभावी रही। प्रारंभिक जांच में 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके बाद केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी CBI ने अपनी जांच में 6 नए आरोपियों का नाम जोड़ा, जिससे कुल आरोपियों की संख्या 17 हो गई। इस हिंसा मामले में थाना साजा में कुल 173 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
दोषमुक्त किए गए आरोपियों की सूची
- डकेश्वर सिन्हा उर्फ हरिओम, चेचानमेटा गांव, बिरनपुर थाना, 28 साल
- मनीष वर्मा, खैरी गांव, थाना साजा, 23 साल
- समारू नेताम, कोरवाय गांव, थाना साजा, 43 साल
- पूरन पटेल, पदमी गांव, थाना बेमेतरा, 19 साल
- राजकुमार निषाद, पदमी गांव, थाना बेमेतरा, 19 साल
- भोला निषाद, पदमी गांव, थाना बेमेतरा, 23 साल
- दूधनाथ साहू, पेंण्डरवानी गांव, थाना गंडई, 27 साल
- अरुण रजक, पेंण्डरवानी गांव, थाना गंडई, 18 साल
- चंदन साहू, कोरवाय गांव, थाना साजा, 20 साल
- होमेन्द्र नेताम, कोरवाय गांव, थाना साजा, 25 साल
- टाकेन्द्र साहू, कोगियाखुर्द गांव, थाना परपोड़ी, 22 साल
- राम निषाद, कोगियाखुर्द गांव, थाना परपोड़ी, 19 साल
- संजय कुमार साहू, मासुलगोदी गांव, थाना परपोड़ी, 25 साल
- चिंताराम साहू, कोरवाय गांव, थाना साजा, 68 साल
- लोकेश साहू, कोगियाखुर्द गांव, थाना परपोड़ी, 23 साल
- वरूण साहू, कोगियाखुर्द गांव, थाना परपोड़ी, 18 साल 3 माह
- राजेश साहू, मासुलगोदी गांव, थाना परपोड़ी, 23 साल
CBI जांच और चार्जशीट
CBI ने 30 सितंबर 2025 को अपनी चार्जशीट दाखिल की। चार्जशीट में यह स्पष्ट किया गया कि यह घटना राजनीतिक साजिश का हिस्सा नहीं थी। पूर्व विधायक अंजोर यदु का नाम भी चार्जशीट में शामिल नहीं किया गया, जबकि आरोप और सियासी बयानबाजी में उनके नाम का उल्लेख किया जाता रहा। CBI की जांच अप्रैल 2024 में शुरू हुई थी, जिसमें सभी आरोपी और साक्ष्यों का विस्तार से विश्लेषण किया गया। बता दें कि बिरनपुर हिंसा ने छत्तीसगढ़ की राजनीति में भी हलचल मचा दी थी। भाजपा ने तत्कालीन कांग्रेस सरकार पर तुष्टिकरण का आरोप लगाया था। हालांकि कांग्रेस ने इसे भाजपा की साजिश बताया था। विधानसभा में उठाए गए सवालों के बाद फरवरी 2024 में डिप्टी CM विजय शर्मा ने CBI जांच की घोषणा की। घटना के दौरान विधायक ईश्वर साहू ने सदन में अपने बेटे की हत्या का दर्द बयां किया। दरअसल, बेटे की हत्या के बाद भाजपा ने उन्हें टिकट दिया था, जिसके बाद वे साजा के विधायक बने।



