60 फीट गहरे बोरवेल में गिरा 7 साल का मासूम, लोकेश को निकालने रेस्क्यू जारी

Lokesh Rescue Operation: मध्यप्रदेश के विदिशा जिले में 7 साल का बच्चा 60 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया है, जिसे गिरे हुए करीब 7 घंटे से ज्यादा समय बीत चुका है। वो 43 फीट पर फंसा है। पुलिस और NDRF की टीम बचाव कार्य में जुटी है। बोरवेल 60 फीट गहरा है। बोर के पास 4 JCB से 45 फीट गहरा पैरेलल गड्‌ढा खोदा जा रहा है।इसके बाद टनल बनाकर बच्चे को निकाला जाएगा। मुरम और कंकड़ निकलने की वजह से खुदाई कार्य की स्पीड कम हो गई। दिनेश अहिरवार का बेटा लोकेश मंगलवार सुबह 11 बजे खेत में बने बोरवेल में गिर गया था। उस तक पाइप के जरिए ऑक्सीजन पहुंचाई जा रही है।

यह भी पढ़ें:- दुनिया का 8वां सबसे प्रदूषित देश भारत, IQ एयर की रिपोर्ट जारी

CCTV से भी नजर रखी जा रही है। मौके पर विदिशा कलेक्टर उमाशंकर भार्गव और लटेरी SDM हर्षल चौधरी, ASP समीर यादव मौके पर मौजूद हैं। कलेक्टर ने बताया कि खेतों में मशीनरी और प्रशासन की गाड़ियों से किसानों की फसलों को क्षति हुई है। इन किसानों को मुआवजा दिया जाएगा। मामले को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा कि विदिशा जिले की लटेरी तहसील के खेरखेड़ी गांव में 7 साल के मासूम के बोरवेल में गिरने की घटना दुखद है। मैंने स्थानीय प्रशासन को जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं और उनके सतत संपर्क में हूं। रेस्क्यू टीम बच्चे को सुरक्षित बचाने के लिए प्रयासरत है। मासूम की कुशलता की प्रार्थना करता हूं। (Lokesh Rescue Operation)

कलेक्टर के मुताबिक घटना मंगलवार सुबह 11 बजे की है। लोकेश बंदरों के पीछे भाग रहा था। इसी दौरान वह खेत में खुले पड़े बोरवेल में गिर गया। सूचना के बाद करीब साढ़े 11 बजे बचाव कार्य शुरू कर दिया है। सबसे पहले बच्चे को ऑक्सीजन की सप्लाई शुरू की गई। CCTV की मदद से बच्चे के मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है। बोर बिना केसिंग का है और करीब 60 फीट गहरा है। लोकेश की दादी उषा बाई ने कहा कि हम मजदूरी करने आए थे। नाती भी साथ आया था। खेत में हम फसल काट रहे थे। तभी मेढ़ पर बंदर आ गए। उन्हें भगाने के लिए वह दौड़ के आया। उसे नहीं पता था कि फसलों के बीच खेत में बोरवेल भी है। वह उसमें गिर गया। (Lokesh Rescue Operation)

इधर ,महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले में सोमवार शाम बोरवेल में गिरे पांच साल के बच्चे की मौत हो गई है। बच्चा करीब 15 फीट नीचे गिर गया था, जिसे निकालने के लिए NDRF की पांच टीम जुटी हुई थी। बच्चे को निकालने की कोशिश की गई, लेकिन रेस्क्यू के दौरान उसने दम तोड़ दिया। बच्चे का नाम सागर बताया जा रहा है। उसके पिता कोपार्डी गांव में गन्ने काटने का काम करते हैं। NDRF के मुताबिक सोमवार शाम 4 बजे बच्चा खेलते-खेलते अचानक बोरवेल में गिर गया। पुलिस ने तब जानकारी दी थी कि एंबुलेंस और बाकी मेडिकल मदद को स्पॉट पर तैयार रखा गया है, ताकि बच्चे के बाहर निकलते ही तुरंत उसका इलाज कराया जा सके। इसके बावजूद बच्चे को बचाया नहीं जा सका। बता दें कि बीते कुछ सालों में बोरवेल में गिरने की घटनाएं बहुत बढ़ गई है।

Related Articles

Back to top button