राहुल गांधी ने संसद को बनाया सड़क छाप राजनीति का मंच: BJP सांसद सुधांशु त्रिवेदी

BJP MP Sudhanshu Trivedi: लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बयान को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राहुल गांधी पर संसद की गरिमा गिराने, आपत्तिजनक भाषा के प्रयोग और झूठे आरोप लगाने का आरोप लगाया। सांसद ने कहा कि कभी संसद सत्र लोकतंत्र के सर्वोच्च मानकों का प्रतीक माना जाता था, लेकिन नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आचरण, भाषा और शैली ने संसदीय मर्यादा को निम्नतम स्तर तक पहुंचा दिया है।
यह भी पढ़ें:- लोकसभा में बजट पर घमासान: विपक्ष ने वित्त मंत्री के जवाब को बताया अधूरा, भाजपा ने कहा- तथ्यों के साथ दिया करारा जवाब
उन्होंने कहा कि चेतावनी के बावजूद राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बार-बार झूठे आरोप लगाए और अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल किया। भाजपा सांसद ने कहा कि संसद में बोलने की एक मर्यादा और शालीन भाषा होती है, जिसका पालन हर सदस्य को करना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर किसी को सड़क छाप व्यवहार देखना हो तो वह संसद में विपक्ष के रवैये को देख सकता है। सांसद त्रिवेदी ने इसे लोकतांत्रिक परंपराओं के लिए दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
राहुल और कांग्रेस पर निशाना
राहुल गांधी के देश बिक गया है वाले बयान पर त्रिवेदी ने कहा कि अगर उन्हें राजनीति और अर्थव्यवस्था की बुनियादी समझ होती तो वे ऐसा बयान नहीं देते। उन्होंने कांग्रेस को याद दिलाते हुए कहा कि अगर देश बेचने की बात करनी है तो यूपीए सरकार के दौरान आई वोल्कर रिपोर्ट और भारत-अमेरिका परमाणु समझौते पर भी चर्चा होनी चाहिए। त्रिवेदी ने आगे कहा कि राहुल गांधी का व्यवहार दर्शाता है कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक हार से बौखला गई है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को यह भी ध्यान नहीं है कि वे किस संवैधानिक पद पर हैं और उन्हें किस तरह की भाषा का प्रयोग करना चाहिए। (BJP MP Sudhanshu Trivedi)
सांसद ने विपक्ष से की अपील
भाजपा सांसद ने जनरल मनोज नरवणे की किताब को लेकर राहुल गांधी के बयान पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इस मामले में पहले प्रकाशक और फिर लेखक की ओर से स्पष्टीकरण दिए जाने के बाद यह स्पष्ट हो गया कि गलत बयान राहुल गांधी की ओर से दिया गया था। सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि संसद लोकतंत्र का मंदिर है और इसकी गरिमा बनाए रखना सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है। उन्होंने विपक्षी दलों से अपील की कि वे व्यक्तिगत हमलों से बचें और देश के विकास के लिए रचनात्मक भूमिका निभाएं। भाजपा ने दोहराया कि वह संसदीय मर्यादा और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। (BJP MP Sudhanshu Trivedi)



