नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान पर हमलावर हुई BJP, कहा- गैरजिम्मेदाराना बात करना ठीक नहीं
BJP on Rahul Statement: लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के ‘चक्रव्यूह’ वाले बयान पर केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि जिस ‘चक्रव्यूह’ की वो बात कर रहे हैं, मैं राहुल गांधी को कहना चाहता हूं कि हमारी सरकार ने कांग्रेस के घोटाले, भ्रष्टाचार के लिए ही चक्रव्यूह बनाया। हम भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस रखते हैं, लेकिन मैं उनसे पूछना चाहूंगा कि अगर राहुल गांधी और उनकी मां ने रिमोट कंट्रोल के जरिए 10 साल तक सरकार चलाई, तब उन्होंने अध्यादेश फाड़ दिया। उन्होंने जाति जनगणना क्यों नहीं कराई? अब वे ‘ड्रामेबाजी’ क्यों कर रहे हैं?
यह भी पढ़ें:- वायनाड में हुए भूस्खलन में अब तक 63 लोगों की मौत, संसद में दी गई श्रद्धांजलि
केंद्रीय मंत्री अश्विणी वैष्णव ने कहा कि राहुल गांधी एक संवैधानिक व्यवस्था में नेता प्रतिपक्ष होते हुए संसद में जिस तरह का व्यवहार करते हैं, जिस तरह की भाषा का उपयोग करते हैं बहुत ही दुख की बात है। यह संविधान को कमजोर करने वाले काम हैं। इसके पीछे एक पुराना इतिहास भी है। जब राहुल गांधी ने उन्हीं की सरकार द्वारा बनाए गए अध्यादेश को सभी के सामने फाड़कर फेंक दिया था। ऐसे में संविधान का पालन करने का राहुल गांधी का कोई इरादा मुझे नजर नहीं आता। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि लोकसभा का नेता प्रतिपक्ष होना बहुत बड़ी जिम्मेदारी होती है। ऐसे पद पर बैठकर गैरजिम्मेदाराना बात करना ठीक नहीं है। (BJP on Rahul Statement)
अनाप-शनाप बातें कर रहे थे राहुल: रिजिजू
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने लोकसभा अध्यक्ष पर ही हमला करना शुरू कर दिया। बजट की चर्चा न करते हुए वे अनाप-शनाप बातें कर रहे थे। संसद में 140 करोड़ जनता के प्रतिनिधि बैठते हैं, जिसकी कार्यवाही नियम से चलती है। राहुल गांधी को बार-बार याद दिलाया गया है कि उन्हें नियम के अनुसार बात करनी है। जब तक वे नेता प्रतिपक्ष नहीं थे तब तक ठीक था, लेकिन उन्हें नेता प्रतिपक्ष बनने के बाद नियम के अनुसार चलना चाहिए। राहुल गांधी ने अपने पद की गरिमा का भी ख्याल नहीं रखा। मैं उसका खंडन करना चाहता हूं। राहुल गांधी संविधान और परंपराओं से ऊपर नहीं हैं। CM विष्णुदेव साय ने कहा कि अब राहुल गांधी की बातों में कोई वजन नहीं रहा है। वे नेता प्रतिपक्ष हो गए। उसी जिम्मेदारी से उन्हें बात करनी चाहिए, लेकिन वे नहीं करते। देश की जनता का विश्वास भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी पर है। (BJP on Rahul Statement)
भाषण के दौरान बजट के बारे में कुछ नहीं कहा: बलूनी
भाजपा सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि राहुल गांधी ने लोकसभा में अपने भाषण के दौरान संसद भवन में कैसा आचरण रहना चाहिए, किस तरह से बात करनी चाहिए उसे लेकर माफी मांगी है। उन्होंने अपने भाषण के दौरान कई ऐसी चीजें कही हैं, जो संसदीय परंपराएं और नेता प्रतिपक्ष की गरिमा के अनुकूल नहीं है। उन्होंने कई बार अध्यक्ष पर भी सवाल उठाए हैं। बड़ी दुख की बात है कि नेता प्रतिपक्ष ने अपने भाषण के दौरान बजट के बारे में कुछ नहीं कहा। मुझे ऐसा भी लगता है कि उन्होंने बजट के बारे में अध्ययन नहीं किया है, जिस प्रकार से उन्हें क्षमा मांगनी पड़ी, वो भी पूरे देश ने स्पष्ट रूप से देखा है। (BJP on Rahul Statement)
राहुल गांधी आम जनता के लिए बोलेंगे: वेणुगोपाल
कांग्रेस सांसद के.सी. वेणुगोपाल ने कहा कि भाजपा का एकमात्र एजेंडा राहुल गांधी की छवि, व्यवहार और सब कुछ खराब करना है। पिछले 10-15 सालों से वे एक ही बात दोहरा रहे हैं, लेकिन अब भारत के लोगों को पता चल गया है कि असली नेता कौन है। राहुल गांधी का भाषण वास्तव में आम लोगों की भावनाओं को प्रतिबिंबित कर रहा था। उन्होंने इस देश की वास्तविकता के बारे में बात की, लेकिन भारत के लोग अब जानते हैं कि राहुल गांधी कौन हैं। राहुल गांधी ने गरीब लोगों के बारे में बात की, भाजपा अमीर लोगों में रुचि रखते हैं। राहुल गांधी आम जनता के लिए बोलेंगे। कांग्रेस पार्टी को उन पर गर्व है। सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी ने लोकसभा में अपना भाषण दिया है। वो भाषण उनका विचार था। वे अनुभवी नेता हैं, नेता प्रतिपक्ष हैं। इसलिए उनके भाषण की आलोचना करना या उसमें कमी निकालना ठीक नहीं है। उन्होंने जो भी कहा है वो उनके विचार है, उनकी पार्टी के विचार हैं। (BJP on Rahul Statement)



