Google Analytics —— Meta Pixel

वायनाड में हुए भूस्खलन में अब तक 63 लोगों की मौत, संसद में दी गई श्रद्धांजलि

Wayanad Landslide Update: केरल के वायनाड में भारी तबाही हुई है। दरअसल, सोमवार देर रात 4 अलग-अलग जगहों पर लैंडस्लाइड हुई, जिसमें 4 गांव बह गए। वहीं घर, पुल, सड़कें और गाड़ियां भी तबाह हो गए। हादसे में अब तक 63 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 116 से ज्यादा लोग अस्पताल में भर्ती हैं। वहीं 400 से ज्यादा लोगों के लापता होने की जानकारी सामने आई है। केरल के मंत्री एमबी राजेश ने कहा कि विभिन्न एजेंसियों द्वारा युद्धस्तर पर बचाव अभियान चलाया जा रहा है। हमने सेना से मदद मांगी है, जो जल्द ही प्रभावित इलाकों में पहुंच जाएगी। मुख्यमंत्री इस अभियान पर बारीकी से नजर रख रहे हैं। उन्होंने मंत्रियों की एक टीम वायनाड भेजी है। 250 लोगों को बचाया गया है और उन्हें अस्थायी आश्रय शिविरों में भेजा गया है। हम फंसे हुए लोगों को हवाई मार्ग से निकाल रहे हैं। बचाव अभियान के लिए सरकार द्वारा हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। 

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में आवास और सड़कों के लंबित काम जल्द होंगे पूरे: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान

राज्यसभा में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि सभी सदस्यों ने वायनाड में हुई भारी त्रासदी पर चिंता व्यक्त की। मैं कहना चाहूंगा कि यह सिर्फ केरल की त्रासदी नहीं है, बल्कि पूरे देश की चिंता है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार सक्रिय रूप से काम कर रही है और केरल में राहत कार्यों के लिए हर जरूरी काम कर रही है। सरकार की ओर से मैं आपको आश्वस्त करता हूं कि जो भी जरूरी होगा वो पूरा किया जाएगा। PM ने केरल के सीएम से बात की और उन्हें आश्वासन दिया। राहत के लिए केंद्रीय एजेंसियों का सहयोग वहां पहुंच चुका है। राज्य सरकार के साथ समन्वय बनाकर कार्य किया जा रहा है। अभी प्राथमिक बात शवों को बरामद करना और उन लोगों को बचाना है जिन्हें बचाया जा सकता है। हमें आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली को सक्रिय करना चाहिए। वो सभी चीजे की जा रही हैं। हम सभी उनके साथ हैं। (Wayanad Landslide Update)

70 से ज्यादा लोगों की जान गई: राहुल गांधी

लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि सुबह वायनाड में कई विनाशकारी भूस्खलन हुए। 70 से ज्यादा लोगों की जान गई है। मैंने रक्षा मंत्री और केरल के मुख्यमंत्री से बात की है। मैं केंद्र सरकार से अनुरोध करता हूं कि बचाव और चिकित्सा देखभाल के लिए हर संभव सहायता प्रदान की जाए, मृतकों को तत्काल मुआवज़ा दिया जाए। महत्वपूर्ण परिवहन और संचार लाइनों को बहाल किया जाए, जल्द से जल्द राहत की व्यवस्था की जाए और प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए रोडमैप तैयार किया जाए। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सेना प्रमुख से बात की और उन्हें भूस्खलन प्रभावित केरल के वायनाड में सहायता और बचाव के लिए सेना को तैनात करने को कहा। सेना की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। (Wayanad Landslide Update)

ज्यादा जिंदगियां खतरे में न पड़ें: थरूर 

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि यह बहुत गंभीर स्थिति है। मैं आशा और प्रार्थना करता हूं कि ज्यादा जिंदगियां खतरे में न पड़ें। हमें जल्द से जल्द जमीनी स्तर पर कार्रवाई करने की जरूरत है। वायनाड में भारी बारिश और भूस्खलन पर केरल की मंत्री वीना जॉर्ज ने कहा कि हम लोगों को बचाने के लिए हर संभव कोशिश कर रहे हैं। हमने घायलों का उचित इलाज सुनिश्चित किया है। NDRF और सिविल डिफेंस की टीमें वहां मौजूद हैं। PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि वायनाड के कुछ हिस्सों में भूस्खलन से व्यथित हूं। मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है और जो घायल हुए हैं उनके लिए प्रार्थना करता हूं। सभी प्रभावित लोगों की सहायता के लिए बचाव अभियान फिलहाल चल रहा है। केरल के CM पिनाराई विजयन से बात की और वहां की मौजूदा स्थिति के मद्देनजर केंद्र की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया। (Wayanad Landslide Update)

सुबह से ही प्रधानमंत्री सक्रिय थे: जॉर्ज 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि केरल के वायनाड में भूस्खलन की घटनाओं से बहुत चिंतित हूं। एनडीआरएफ युद्ध स्तर पर खोज और बचाव अभियान चला रहा है। मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कुरियन ने कहा कि सुबह से ही प्रधानमंत्री सक्रिय थे, वे हर चीज पर नजर रख रहे थे। वे स्थिति का जायजा ले रहे थे और उन्होंने तुरंत बचाव कार्य के लिए फोर्स, एनडीआरएफ को वहां पहुंचने का निर्देश दिया। सभी बलों को सतर्क कर दिया गया है। यह एक पहाड़ी इलाका है और समस्या यह है कि वहां पहुंचना बहुत मुश्किल है, हेलीकॉप्टर और अन्य मदद की जरूरत है। प्रधानमंत्री मोदी ने केरल के मुख्यमंत्री से बात की है, हम मिलकर बचाव कार्य करेंगे। (Wayanad Landslide Update)

केंद्र सरकार केरल के लोगों के साथ: गोयल 

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि आज सुबह एक प्राकृतिक हादसे के कारण वायनाड में बड़ी क्षति पहंची है। अभी तक सूचना के हिसाब से बहुत बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी जान गंवाई है और कई लोग घायल हुए हैं। मैं पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रधानमंत्री मोदी ने केरल के मुख्यमंत्री से बातचीत की है और केंद्र सरकार पूरी तरीके से केरल के लोगों के साथ है, जो भी आवश्यकता होगी केंद्र सरकार पूरी तरीके से उनकी मदद करेगी। केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने कहा कि संवेदना उन सभी परिवारों के साथ है। मुझे बताया गया है कि अभी तक हमारी टीमें भारी बारिश के कारण भूस्खलन स्थल तक नहीं पहुंच पाई हैं। (Wayanad Landslide Update)

सरकार को जवाब देना चाहिए: अखिलेश

शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। मैं उम्मीद करती हूं कि वहां की सरकार इस पर ध्यान देगी और जो आपदा राहत की जरूरत है उसमें केंद्र सकार उनकी मदद करेगी। सपा सांसद अखिलेश यादव ने कहा कि आज वहां अगर भूस्खलन हुआ है तो कुछ दिन पहले उत्तराखंड में भूस्खलन बड़े पैमाने पर हुए थे और लगातार होते रहे हैं। सरकार इस तरह की घटना के लिए क्या कर रही है उनको जवाब देना चाहिए। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने कहा कि हम इस त्रासदी से बहुत दुखी और स्तब्ध हैं। हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि दिवंगत आत्मा को शांति मिले। हम घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं। इस कठिन समय में पूरा भारत एक साथ खड़ा होगा और संकट में फंसे लोगों को बचाने के लिए जो भी आवश्यक होगा, वह करेगा। (Wayanad Landslide Update)

केरल के 4 जिलों में बारिश का रेड अलर्ट

उन्होंने कहा कि मैं सभी संबंधित लोगों के संपर्क में हूं…मैं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी लोगों की मदद करने का अनुरोध कर रहा हूं, जो भी आवश्यक होगा, निश्चित रूप से बिना देरी किए किया जाएगा। मैं वायनाड जाने की योजना बना रहा हूं। वहीं केरल के वायनाड में हुए भूस्खलन पर NDRF के DIG भारत भूषण वैद ने कहा कि हमारी टीम प्री-मानसून तैनाती के लिए वहां तैनात थी। साथ ही और टीमों को भेजा जा रहा है। बारिश अभी भी जारी है। बता दें कि भारतीय मौसम विभाग ने केरल के 4 जिलों – कोझिकोड, मलप्पुरम, वायनाड और कासरगोड के लिए रेड अलर्ट जारी किया। पथानामथिट्टा, अलाप्पुझा, कोट्टायम, एर्नाकुलम, इडुक्की, त्रिशूर और पलक्कड़ में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। (Wayanad Landslide Update)

Back to top button
error: Content is protected !!