नया रायपुर के ब्लू वॉटर में सिर कटी लाश मिलने से सनसनी, पैर में बंधी हुई थी रस्सी, हत्या की आशंका

Body in Blue Water: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से करीब 18 किलोमीटर दूर नया रायपुर स्थित ब्लू वॉटर क्षेत्र में एक सिर कटी लाश मिलने से हड़कंप मच गया है। यह मामला इसलिए भी चौंकाने वाला है, क्योंकि अब तक ब्लू वॉटर में डूबने से होने वाले हादसे सामने आते रहे हैं, लेकिन हत्या की आशंका से जुड़ा यह पहला मामला माना जा रहा है। ब्लू वॉटर क्षेत्र कभी गिट्टी खदान हुआ करता था, जो अब करीब 300 फीट गहराई तक पानी से भरा हुआ है। पानी का रंग नीला दिखाई देने के कारण यह जगह लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। बड़ी संख्या में लोग यहां घूमने और नहाने आते हैं। हालांकि गहराई और सुरक्षा के अभाव में यह जगह पहले भी कई जानलेवा हादसों की गवाह बन चुकी है।
यह भी पढ़ें:- नाबालिग लड़की का शव मोपेड में लेकर 35 किमी घूमते रहे कातिल, 9 थाने और पुलिस बेखबर…!
सोमवार दोपहर स्थानीय लोगों ने ब्लू वॉटर में एक लाश को देखा। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जब शव को पानी से बाहर निकलवाया तो सभी हैरान रह गए। शव के पैर में रस्सी बंधी हुई थी और मृतक का सिर धड़ से अलग था। शरीर काफी हद तक गल चुका था, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि शव करीब एक महीने पुराना हो सकता है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह खुद मौके पर पहुंचे। उनके साथ एफएसएल की टीम भी जांच में जुटी हुई है। एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि पुलिस इस मामले में हादसा और हत्या दोनों एंगल से जांच कर रही है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।

पुलिस के अनुसार शव पर किसी तरह के कपड़े नहीं हैं और सिर गायब है, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है। मृतक की शिनाख्त के लिए आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही है। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर गहरी चिंता जताई है। लोगों का मानना है कि ब्लू वॉटर की अत्यधिक गहराई और सुनसान माहौल अपराधियों को सबूत मिटाने का मौका दे सकता है। आशंका जताई जा रही है कि कानून से बचने के लिए अपराधी इस जगह का इस्तेमाल कर रहे हों। (Body in Blue Water)
पहले भी हो चुके हैं कई हादसे
ब्लू वॉटर क्षेत्र पहले भी कई दर्दनाक हादसों का गवाह रहा है। 31 अक्टूबर 2025 को दो स्कूली छात्रों की डूबने से मौत हो गई थी। मार्च 2023 में पिकनिक मनाने गए दो दोस्तों की मौत, जून 2023 में दोस्तों के साथ नहाने गए तीन युवकों की डूबने से मौत, मई 2019 में 17 साल के मोहन बाघ की मौत और 2017 में देवेंद्र नगर की रहने वाली 17 साल की सुनैना की डूबने से मौत हुई थी। लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद इस क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं हो पाए हैं। फिलहाल रायपुर के माना थाना क्षेत्र में दर्ज इस मामले की जांच जारी है। पुलिस हर पहलू से मामले को खंगाल रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि यह महज हादसा था या फिर ब्लू वॉटर में किसी जघन्य हत्या को अंजाम दिया गया है। (Body in Blue Water)



