प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत: दिल्ली में प्रेमी ने की खुदकुशी, बिलासपुर में नाबालिग प्रेमिका ने भी लगाया मौत को गले

Boyfriend Girlfriend Commit Suicide: प्यार, जुदाई और डिप्रेशन की एक दर्दनाक कहानी ने दिल्ली से लेकर बिलासपुर तक दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। दिल्ली में प्रेमी के आत्महत्या करने की खबर मिलते ही बिलासपुर में रह रही उसकी 16 साल की नाबालिग प्रेमिका ने भी फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। यह घटना तोरवा थाना क्षेत्र की है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। जानकारी के मुताबिक कोरिया जिले के रहने वाले एक युवक और नाबालिग के बीच जान-पहचान हुई थी। धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदल गई। सितंबर 2025 में युवक अपनी नाबालिग प्रेमिका को लेकर दिल्ली स्थित अपने नाना-नानी के घर चला गया था।
यह भी पढ़ें:- ‘एक देश, एक कानून’ पर छत्तीसगढ़ में सियासी घमासान, वक्फ बोर्ड अध्यक्ष के बयान से गरमाई सियासत
इस बात की जानकारी मिलते ही परिजनों ने विरोध जताया और दिल्ली पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने नाबालिग को अपने संरक्षण में लेकर बाल संप्रेक्षण गृह में रखा। करीब 15 दिनों तक वह दिल्ली में रही। बाद में दिल्ली पुलिस ने उसे अंबिकापुर बाल संप्रेक्षण गृह भेजा, जहां से परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने नाबालिग को समझाइश देने के उद्देश्य से बिलासपुर के तोरवा क्षेत्र में रहने वाली उसकी बुआ के घर भेज दिया। पिछले 10-12 दिनों से वह वहीं रह रही थी। रविवार को दिल्ली से एक और दुखद खबर आई। प्रेमिका से बिछड़ने के बाद डिप्रेशन में युवक ने वहां फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह सूचना नाबालिग को उसके एक दोस्त ने दी। (Boyfriend Girlfriend Commit Suicide)
सुबह सामान्य दिखी, फिर चुन लिया मौत का रास्ता
बताया जा रहा है कि यह खबर सुनते ही वह गुमसुम हो गई थी। वह बार-बार मरने की बात कह रही थी। परिजनों ने उसे समझाया, भविष्य और पढ़ाई पर ध्यान देने को कहा। पूरी रात घरवाले उस पर नजर बनाए हुए थे, ताकि वह कोई गलत कदम न उठा ले। सोमवार सुबह उसने परिवार के साथ नाश्ता भी किया, लेकिन उसका व्यवहार सामान्य नहीं था। करीब 11 बजे जब घर के सदस्य अपने-अपने काम में व्यस्त थे, उसने कमरे में जाकर अपनी चुन्नी से फंदा बनाया और फांसी लगा ली। कुछ देर बाद जब परिजनों ने दरवाजा खोला तो वह फंदे पर लटकी मिली। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई। (Boyfriend Girlfriend Commit Suicide)

दो घरों में पसरा मातम
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। PM के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल के मुताबिक नाबालिग अपनी बुआ वसुंधरा गुप्ता के यहां तोरवा में रह रही थी। प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग और मानसिक आघात के कारण आत्महत्या की बात सामने आई है। जांच जारी है। इस घटना ने दो परिवारों की दुनिया उजाड़ दी। एक ओर दिल्ली में बेटे को खो चुके माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है तो दूसरी ओर बिलासपुर में नाबालिग के परिजन खुद को संभाल नहीं पा रहे। प्यार की यह कहानी, जो कभी सपनों से शुरू हुई थी, अंत में दो मासूम जिंदगियों की दर्दनाक विदाई बन गई। अगर आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव से गुजर रहा है तो कृपया तुरंत परिवार, मित्रों या किसी विशेषज्ञ से संपर्क करें। समय पर बातचीत और मदद कई जिंदगियां बचा सकती है।



