Google Analytics —— Meta Pixel

पुणे बना डिजिटल डिप्लोमेसी का केंद्र, ब्रिक्स देशों ने साइबर सुरक्षा और कनेक्टिविटी पर किया मंथन

BRICS Meeting in Pune: भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत डिजिटल सहयोग और तकनीकी साझेदारी को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं। पुणे में आज यानी 21 अगस्त को ब्रिक्स देशों के संचार मंत्रियों की 12वीं बैठक हो रही है। इससे एक दिन पहले डिजिटल ब्रिक्स फोरम और एक्सपो का आयोजन किया गया। इसमें ब्रिक्स सदस्य देशों की सरकारों के साथ उद्योग जगत, शिक्षाविदों, स्टार्टअप और अनुसंधान संस्थानों से जुड़े प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पुणे पहुंचे ब्रिक्स सदस्य देशों के मंत्रिस्तरीय प्रतिनिधिमंडलों का स्वागत किया। इस दौरान केंद्रीय संचार राज्य मंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी ने मंत्रियों के साथ ‘सुदृढ़ भविष्य के लिए नवाचार, सहयोग और बदलाव’ विषय पर उच्चस्तरीय अनौपचारिक चर्चा का नेतृत्व किया।

यह भी पढ़ें:- समुद्र से सरहद तक मजबूत होगी भारत-जापान की दोस्ती, युद्धाभ्यास से रक्षा उत्पादन तक साथ-साथ कदम

डिजिटल ब्रिक्स फोरम को ब्रिक्स आईसीटी ट्रैक के बहु-हितधारक मंच के तौर पर विकसित किया गया है। इसकी शुरुआत 2021 में भारत की मेजबानी में हुई 7वीं ब्रिक्स संचार मंत्रियों की बैठक के दौरान की गई थी। फोरम में डिजिटल तकनीक, नवाचार और भविष्य की डिजिटल व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर सरकार, उद्योग, स्टार्टअप और अकादमिक क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने विचार साझा किए। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने प्रतिनिधिमंडलों का स्वागत करते हुए कहा कि पुणे पिछले कुछ दिनों में सिर्फ सरकारों के बीच संवाद का केंद्र नहीं रहा, बल्कि विचारों, नवाचार और साझा आकांक्षाओं के मिलन का स्थल भी बना है। उन्होंने कहा कि ब्रिक्स आईसीटी कार्य समूह, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर फोकस ग्रुप, इंस्टीट्यूट ऑफ फ्यूचर नेटवर्क्स, डिजिटल ब्रिक्स टास्क फोर्स और डिजिटल ब्रिक्स फोरम के जरिए विशेषज्ञ और नीति निर्माता समावेशी, सुरक्षित और मजबूत डिजिटल इकोसिस्टम तैयार करने के तरीकों पर काम कर रहे हैं। (BRICS Meeting in Pune)

बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा पर फोकस

फोरम के दौरान दो प्रमुख विषयों पर पैनल चर्चा आयोजित की गई। पहली चर्चा ‘साइबर सुरक्षा और भरोसेमंद आईसीटी’ पर हुई, जिसमें बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा को भी प्रमुखता से शामिल किया गया। चर्चा में इस बात पर जोर दिया गया कि डिजिटल बदलाव के साथ सुरक्षा और भरोसे को भी समान प्राथमिकता मिलनी चाहिए। डिजिटल विकास के दौरान निजता, जनहित और संवेदनशील उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा के बीच संतुलन बनाए रखने की जरूरत पर भी विचार किया गया। दूरसंचार विभाग के सचिव अमित अग्रवाल ने कहा कि डिजिटल सशक्तिकरण और सुरक्षा को अलग-अलग नहीं देखा जा सकता। बच्चों की सुरक्षा समेत सुरक्षा और भरोसे से जुड़े पहलुओं को डिजिटल सिस्टम के डिजाइन में शुरुआत से ही शामिल किया जाना चाहिए, न कि बाद में अतिरिक्त उपाय के तौर पर। उन्होंने डिजिटल परिदृश्य को सुरक्षित बनाने के लिए तीन प्रमुख स्तंभों पर जोर दिया। पहला- ऐसे डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे का निर्माण जो डिजाइन के स्तर से ही सुरक्षित हो। दूसरा- डिजिटल कंटेंट और व्यक्तिगत डेटा से जुड़े संस्थानों के लिए सुरक्षित और भरोसेमंद तरीके अपनाना कानूनी रूप से आवश्यक बनाना। तीसरा- कानून और डिजिटल माध्यमों के जरिए नागरिकों को अपने अधिकारों की रक्षा और शिकायतों के प्रभावी समाधान के लिए सशक्त बनाना।

टिकाऊ डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी मंथन

दूसरी पैनल चर्चा स्थायी और मजबूत डिजिटल और आईसीटी इकोसिस्टम पर केंद्रित रही। इसमें सस्ती और सार्थक कनेक्टिविटी, ऊर्जा-कुशल और जलवायु-अनुकूल डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ सैटेलाइट और गैर-स्थलीय प्रणालियों की भूमिका पर चर्चा की गई। केंद्रीय संचार राज्य मंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी ने भारत के डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर मॉडल का उल्लेख करते हुए कहा कि लंबे समय तक इंफ्रास्ट्रक्चर की पहचान सड़क, बंदरगाह और पावर ग्रिड से होती रही, लेकिन आज भारत डिजिटल पहचान, बैंकिंग, भुगतान, डिजिटल दस्तावेज, सहमति आधारित डेटा और बड़े पैमाने पर सेक्टर-विशिष्ट नेटवर्क के जरिए एक अलग मॉडल प्रस्तुत कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत के मॉडल की खासियत किसी एक ऐप में नहीं, बल्कि ऐसी डिजिटल वास्तुकला में है जो खुली, इंटरऑपेरेबल और बड़े पैमाने पर काम करने में सक्षम है। सरकार और सार्वजनिक संस्थान हर उपभोक्ता एप्लीकेशन खुद तैयार करने के बजाय ऐसी बुनियादी डिजिटल अवसंरचना विकसित कर रहे हैं, जिस पर अलग-अलग सेवाएं और नवाचार आगे बढ़ सकें।

ब्रिक्स संचार मंत्रियों की 12वीं बैठक आज

भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत 21 अगस्त 2026 को ब्रिक्स देशों के संचार मंत्रियों की 12वीं बैठक पुणे में आयोजित की जा रही है। इसकी अध्यक्षता केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया कर रहे हैं। बैठक में ब्रिक्स सदस्य देशों के संचार मंत्री और वरिष्ठ प्रतिनिधि सूचना-संचार प्रौद्योगिकी, डिजिटल परिवर्तन, नवाचार और मजबूत डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर में सहयोग को आगे बढ़ाने पर चर्चा है। यह बैठक भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के व्यापक विषय ‘सुदृढ़ता, नवाचार, सहयोग और निरंतरता के लिए निर्माण’ और आईसीटी ट्रैक के विषय ‘सुदृढ़ भविष्य के लिए नवाचार, सहयोग और परिवर्तन’ के तहत हो रही है। बैठक में उभरती तकनीक, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, भविष्य के नेटवर्क, साइबर सुरक्षा, क्षमता निर्माण और समावेशी डिजिटल कनेक्टिविटी जैसे मुद्दे प्रमुख हैं। इसके अलावा ग्लोबल साउथ के देशों में डिजिटल परिवर्तन को गति देने के लिए व्यावहारिक सहयोग और सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा करने पर भी चर्चा है। (BRICS Meeting in Pune)

पिछली बैठक के परिणामों को आगे बढ़ाने की कोशिश

भारत ने अपनी ब्रिक्स अध्यक्षता के दौरान मजबूत डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, भविष्य के नेटवर्क, साइबर सुरक्षा, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, नवाचार और क्षमता निर्माण को प्राथमिकता दी है। दूरसंचार विभाग ने ब्रिक्स कार्य समूह के तहत आईसीटी सहयोग से जुड़ी चर्चाओं का नेतृत्व किया है। इनमें प्रस्तावित ब्रिक्स क्षमता निर्माण केंद्र और उभरती तकनीकों में सहयोग बढ़ाने जैसे विषय शामिल हैं। पुणे में हो रही बैठक 2025 में ब्राजील की अध्यक्षता में आयोजित 11वीं ब्रिक्स संचार मंत्रियों की बैठक में सामने आए सहयोग के क्षेत्रों को भी आगे बढ़ा रही है। पिछली बैठक में आईसीटी, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर और वैश्विक डिजिटल शासन के क्षेत्र में ब्रिक्स देशों के बीच निरंतर सहयोग की जरूरत पर जोर दिया गया था। बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया मीडिया ब्रीफिंग के जरिए बैठक में हुई चर्चाओं और प्रमुख परिणामों की जानकारी भी देंगे। इसके अलावा वे डिजिटल ब्रिक्स फोरम एक्सपो का दौरा करेंगे, जहां ब्रिक्स इकोसिस्टम से जुड़े डिजिटल समाधान, तकनीक और नवाचार प्रदर्शित किए जा रहे हैं।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में दिखी भारत की विरासत

ब्रिक्स प्रतिनिधिमंडलों के लिए पुणे में सांस्कृतिक कार्यक्रम और रात्रिभोज का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाराष्ट्र और भारत की सांस्कृतिक परंपराओं को प्रदर्शित किया गया। प्रतिनिधिमंडलों का स्वागत करते हुए सिंधिया ने भारत सरकार और देश की जनता की ओर से सभी अतिथियों का अभिनंदन किया और कहा कि इस तरह के आयोजन देशों के बीच सिर्फ सरकारी स्तर पर नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और मानवीय जुड़ाव को भी मजबूत करते हैं। इसी बीच भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता 2026 के तहत 19 और 20 अगस्त को गांधीनगर में ब्रिक्स युवा परिषद बैठक और ब्रिक्स युवा शिखर सम्मेलन का आयोजन किया गया। दूसरे दिन ब्रिक्स देशों के युवा प्रतिनिधियों ने गुजरात के केवडिया स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का दौरा किया। प्रतिनिधियों ने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के साथ एकता नगर में हुए विकास कार्यों को भी देखा। दौरे के जरिए उन्हें भारत की सांस्कृतिक विरासत, राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सतत विकास के दृष्टिकोण को करीब से समझने का अवसर मिला। (BRICS Meeting in Pune)

ब्रिक्स युवा परिषद को सदस्य देशों के युवाओं के बीच साझा प्राथमिकताओं पर संवाद और सहयोग बढ़ाने के महत्वपूर्ण मंच के रूप में देखा जाता है। भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता का व्यापक फोकस सुदृढ़ता, नवाचार, सहयोग और सतत विकास पर है। कुल मिलाकर पुणे में ब्रिक्स संचार मंत्रियों की बैठक से पहले हुई गतिविधियों ने डिजिटल तकनीक, साइबर सुरक्षा, कनेक्टिविटी, नवाचार और टिकाऊ डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर ब्रिक्स देशों के बीच सहयोग की दिशा को स्पष्ट किया है। भारत इस मंच के जरिए न सिर्फ अपने डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर मॉडल को सामने रख रहा है, बल्कि सुरक्षित, समावेशी और टिकाऊ डिजिटल भविष्य के लिए साझा रणनीति तैयार करने पर भी जोर दे रहा है। ब्रिक्स की बैठक का फोकस सिर्फ तकनीक तक सीमित नहीं है, बल्कि सवाल उस डिजिटल भविष्य का है, जो सुरक्षित भी हो, समावेशी भी और टिकाऊ भी। भारत अपनी डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर की ताकत के साथ ब्रिक्स देशों के बीच सहयोग का नया मॉडल सामने रख रहा है। अब देखना होगा कि पुणे की इस बैठक से डिजिटल दुनिया के लिए साझेदारी, सुरक्षा और नवाचार का कितना मजबूत रोडमैप निकलकर सामने आता है।

Back to top button
error: Content is protected !!