समुद्र से सरहद तक मजबूत होगी भारत-जापान की दोस्ती, युद्धाभ्यास से रक्षा उत्पादन तक साथ-साथ कदम

India Japan Relations: भारत और जापान ने रक्षा-सुरक्षा सहयोग को और मजबूत करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी की भारत यात्रा के दौरान दोनों देशों ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए अपने रणनीतिक सहयोग को आगे बढ़ाने पर जोर दिया। रक्षा क्षेत्र में सह-विकास और सह-उत्पादन, समुद्री सुरक्षा, रक्षा तकनीक, सैन्य अभ्यास, पोत निर्माण और लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर व्यापक सहमति बनी है। जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। प्रधानमंत्री मोदी ने जुलाई 2026 में आयोजित 16वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन के दौरान जापान की प्रधानमंत्री सानाए ताकाइची की भारत यात्रा के दौरान हुई चर्चाओं को याद किया। उन्होंने भारत-जापान रक्षा सहयोग में लगातार बनी गति का स्वागत किया और दोनों देशों के बीच विशेष रणनीतिक एवं वैश्विक साझेदारी को और मजबूत करने के अपने दृष्टिकोण को दोहराया।
यह भी पढे़ं:- सिंगापुर में भारत की आर्थिक ताकत का प्रदर्शन, गोयल ने संभाला मोर्चा, आर्थिक रिश्तों को नई रफ्तार
प्रधानमंत्री ने कहा कि हिंद-प्रशांत और अन्य क्षेत्रों में शांति, स्थिरता, समृद्धि सुनिश्चित करने में भारत-जापान रक्षा-सुरक्षा सहयोग की अहम भूमिका है। उन्होंने विशेष रूप से ‘मेक इन इंडिया’ के तहत जापानी कंपनियों और भारतीय कंपनियों-स्टार्ट-अप्स के बीच रक्षा क्षेत्र में साझेदारी के अवसरों पर जोर दिया। इसमें सह-विकास और सह-उत्पादन को विशेष महत्व दिया गया है। जापानी रक्षा मंत्री ने प्रधानमंत्री को दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय रक्षा सहयोग में हुई प्रगति की जानकारी दी और भारत के साथ संबंधों को और गहरा करने के लिए जापान सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। इससे पहले 20 अगस्त को नई दिल्ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी के बीच द्विपक्षीय बैठक हुई। दोनों मंत्रियों ने जापान-भारत विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी के तहत रक्षा सहयोग को लगातार मजबूत करने का स्वागत किया। बैठक में दोनों देशों ने स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत क्षेत्र की प्रतिबद्धता दोहराई। दोनों पक्षों ने क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा वातावरण का आकलन साझा करने की जरूरत पर सहमति जताई।

समुद्री सुरक्षा पर बड़ा फोकस
नौवहन और हवाई उड़ान की स्वतंत्रता-सुरक्षा में बाधा डालने वाली एकतरफा कार्रवाई और बल या दबाव के जरिए यथास्थिति बदलने के प्रयासों का विरोध किया। भारत और जापान ने समुद्री सुरक्षा सहयोग को और प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया। इसी क्रम में दोनों देशों के रक्षा मंत्रालयों के बीच समुद्री सुरक्षा सहयोग पर समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते के तहत जापान मैरीटाइम सेल्फ-डिफेंस फोर्स और भारतीय नौसेना के बीच सहयोग बढ़ाया जाएगा। इसमें मैरीटाइम डोमेन अवेयरनेस (MDA) से संबंधित सूचनाओं का आदान-प्रदान, खोज एवं बचाव अभियान तथा मानवीय सहायता और आपदा राहत यानी HADR में सहयोग शामिल है। इसके अलावा नौसेना के जहाजों एवं सैन्य इकाइयों की पारस्परिक यात्राओं, संयुक्त सैन्य अभ्यासों, सैन्य कर्मियों और विशेषज्ञों के आदान-प्रदान तथा बंदरगाहों और रखरखाव-मरम्मत सुविधाओं के उपयोग के जरिए लॉजिस्टिक सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति बनी। (India Japan Relations)
पोत निर्माण और मेक इन इंडिया को बढ़ावा
दोनों देशों ने नौसेना पोत निर्माण और डिजाइन के क्षेत्र में संयुक्त विकास की संभावनाएं तलाशने पर भी सहमति जताई। जापान की तकनीकी विशेषज्ञता और भारत की उत्पादन क्षमता का इस्तेमाल करते हुए सहयोग बढ़ाने की योजना है। रक्षा पोत निर्माण और इससे जुड़े क्षेत्रों में दोनों देशों की क्षमताओं का लाभ उठाने और ‘मेक इन इंडिया’ के तहत जापान द्वारा भारत की उत्पादन क्षमताओं के उपयोग पर भी गहन चर्चा करने की सहमति बनी। भारत और जापान पारस्परिक पोत मरम्मत सुविधाओं को बढ़ावा देने की दिशा में भी आगे बढ़ेंगे। निकट भविष्य में पोत मरम्मत समझौते को अंतिम रूप देने पर काम किया जाएगा। भारत और जापान के बीच होने वाले सैन्य अभ्यासों के विस्तार और उन्हें और अधिक जटिल-प्रभावी बनाने का फैसला लिया गया। इनमें सेना का ‘धर्म गार्जियन’ और नौसेना का ‘जिमेक्स’ प्रमुख हैं। दोनों पक्षों ने इस साल होने वाले वायुसेना अभ्यास ‘वीर गार्जियन 26’ की तैयारियों में हो रही प्रगति का भी स्वागत किया। इस अभ्यास की खास बात यह होगी कि जापान एयर सेल्फ-डिफेंस फोर्स के लड़ाकू विमान पहली बार भारत आएंगे और अभ्यास में हिस्सा लेंगे।
विशेष अभियान बलों के बीच भी बढ़ेगा आदान-प्रदान
भविष्य में संयुक्त अभ्यासों में मानवरहित प्रणालियों को शामिल करने, अभ्यासों की जटिलता बढ़ाने और आवश्यकता पड़ने पर अल्प सूचना पर संयुक्त अभ्यास आयोजित करने की दिशा में भी सहयोग बढ़ाया जाएगा। दोनों देशों की सैन्य सेवाओं के बीच सहयोग को व्यापक बनाने के लिए विशेष अभियान बलों के बीच आदान-प्रदान बढ़ाने पर सहमति बनी। भारत में एकीकृत थिएटर कमानों की स्थापना के बाद भी जापान के साथ इस क्षेत्र में सहयोग जारी रखने की बात कही गई। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रक्षा उपकरण और प्रौद्योगिकी हस्तांतरण के लिए जापान की ओर से हाल ही में किए गए प्रारूप की समीक्षा का स्वागत किया। दोनों पक्षों ने रक्षा-प्रौद्योगिकी साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई। दोनों देशों ने यूनिकॉर्न एकीकृत संचार एंटीना प्रणाली से जुड़ी परियोजना को विशेष महत्व दिया। इसे भारत और जापान के बीच रक्षा उपकरणों के हस्तांतरण की पहली परियोजना बताया गया है। दोनों मंत्रियों ने इस परियोजना को जल्द साकार करने की दिशा में संयुक्त प्रयास जारी रखने पर सहमति जताई। इसके साथ ही भविष्य में रक्षा उपकरण और प्रौद्योगिकी से जुड़ी अन्य परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए दोनों देशों की संबंधित सैन्य सेवाओं के बीच परिचालन जरूरतों पर चर्चा जारी रखने का फैसला किया गया। (India Japan Relations)
DRDO और जापान की ATLA के बीच सहयोग
अत्याधुनिक रक्षा तकनीकों के क्षेत्र में भारत के DRDO और जापान की ATLA के बीच रक्षा अनुसंधान-विकास सहयोग को और मजबूत करने पर भी सहमति बनी। दोनों पक्षों ने रक्षा उद्योग मंच आयोजित करने की इच्छा भी जताई, जिससे दोनों देशों के रक्षा उद्योगों के बीच सीधा सहयोग बढ़ाने का रास्ता खुल सकता है। भारत और जापान ने इस वर्ष फरवरी में आयोजित भारत-जापान-इंडोनेशिया के पहले त्रिपक्षीय नौसैनिक पैसेज एक्सरसाइज का भी स्वागत किया। दोनों पक्षों ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र की व्यापक रणनीतिक तस्वीर को समझने और क्षेत्रीय-वैश्विक शांति में योगदान देने के लिए तीसरे देशों के साथ सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई। प्राकृतिक आपदाओं के दौरान साझेदार देशों को सहायता पहुंचाने के लिए इंडो-पैसिफिक लॉजिस्टिक्स नेटवर्क (IPLN) के जरिए सहयोग बढ़ाने का फैसला किया गया। इसके तहत आपदा प्रभावित क्षेत्रों में कर्मियों और आवश्यक आपूर्ति के परिवहन में सहयोग किया जाएगा। दोनों पक्षों ने इस बात का भी स्वागत किया कि IPLN का दूसरा टेबलटॉप अभ्यास सितंबर 2026 में जापान के रक्षा मंत्रालय में आयोजित किया जाएगा।
‘2+2’ बैठक को लेकर भी तैयारी तेज
जुलाई 2026 में दोनों देशों के नेताओं द्वारा जारी संयुक्त वक्तव्य में तय दिशा-निर्देशों को आगे बढ़ाते हुए भारत और जापान ने इस साल टोक्यो में चौथी जापान-भारत विदेश और रक्षा मंत्रिस्तरीय बैठक यानी ‘2+2’ आयोजित करने की दिशा में चर्चा तेज करने पर सहमति जताई। दोनों देशों ने यह भी तय किया कि भारत और जापान की सुरक्षा तथा क्षेत्रीय शांति एवं स्थिरता से जुड़े मुद्दों पर आवश्यकता पड़ने पर दोनों पक्ष आपस में परामर्श करेंगे। रक्षा सहयोग को ज्यादा व्यवस्थित और प्रभावी बनाने के लिए दोनों देशों ने महानिदेशक/संयुक्त सचिव स्तर के नेतृत्व में एक नए कार्य समूह की स्थापना पर सहमति जताई है। यह समूह परिचालन, खुफिया, उपकरण, तकनीक और रक्षा उद्योग जैसे क्षेत्रों में एकीकृत सहयोग को बढ़ावा देगा। साथ ही दोनों देशों की संबंधित नीतियों और संप्रभु विकल्पों का सम्मान करते हुए विभिन्न सहयोग क्षेत्रों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने और तय योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने का काम करेगा। (India Japan Relations)

राष्ट्रीय समर स्मारक पहुंचे जापानी रक्षा मंत्री
भारत दौरे के दौरान जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी ने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय समर स्मारक पहुंचकर भारत के शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उनका तीनों सेनाओं के गार्ड ऑफ ऑनर के साथ औपचारिक स्वागत किया गया। जापानी रक्षा मंत्री ने मुंबई में पश्चिमी नौसेना कमान और आईएनएस चेन्नई का भी दौरा किया। कुल मिलाकर शिंजिरो कोइजुमी की भारत यात्रा ने दोनों देशों के बीच रक्षा संबंधों को सिर्फ सैन्य अभ्यासों तक सीमित रखने के बजाय रक्षा उत्पादन, समुद्री सुरक्षा, अत्याधुनिक तकनीक, पोत निर्माण, लॉजिस्टिक्स और रक्षा उद्योग के स्तर पर व्यापक साझेदारी की दिशा में आगे बढ़ाया है। भारत की उत्पादन क्षमता और जापान की तकनीकी विशेषज्ञता के मेल से ‘मेक इन इंडिया’ के तहत भविष्य में रक्षा क्षेत्र में संयुक्त विकास और उत्पादन को नई गति मिलने की उम्मीद है। भारत और जापान की ये बढ़ती नजदीकी सिर्फ कूटनीतिक रिश्तों की तस्वीर नहीं, बल्कि बदलते हिंद-प्रशांत में साझा रणनीतिक सोच का संकेत है। समुद्री सुरक्षा से लेकर अत्याधुनिक रक्षा तकनीक और मेक इन इंडिया के तहत सह-विकास, सह-उत्पादन तक दोनों देश अब रक्षा साझेदारी को अगले स्तर पर ले जाने की तैयारी में हैं।




