रायपुर में सराफा कारोबारी ने की आत्महत्या, बेटे और पत्नी की मौत से टूट चुका था परिवार

Bullion Trader Commits Suicide: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में रहने वाले सराफा कारोबारी प्रवाल सोनी ने गुरुवार रात अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक प्रवाल सोनी पुरानी बस्ती इलाके में अपने पिता अशोक पोद्दार के साथ श्री ज्वेलर्स नाम से सराफा दुकान संचालित करते थे। शुरुआती जांच में मामला लंबे समय से चले आ रहे मानसिक तनाव और पारिवारिक सदमे से जुड़ा माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में साय मंत्रिमंडल फेरबदल की अटकलें तेज, CM के बयान से बढ़ी सियासी हलचल
पुलिस को घटनास्थल से एक डायरी मिली है, जिसमें प्रवाल सोनी ने अपने दिवंगत बेटे को याद करते हुए कई बातें लिखी थी। बताया जा रहा है कि बेटे की मौत के बाद से ही वह गहरे अवसाद में चले गए थे और पिछले करीब एक साल से मानसिक तनाव में रह रहे थे। जानकारी के मुताबिक करीब तीन साल पहले प्रवाल सोनी के 12 साल के बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उस समय फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई गई थी। बेटे की मौत के सदमे से परिवार उबर भी नहीं पाया था कि कुछ समय बाद उनकी पत्नी सोना सोनी ने भी घर के स्टोर रूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। उस दौरान पत्नी के मायके पक्ष ने घरेलू विवाद और मारपीट के आरोप लगाए थे। पुलिस ने उस मामले में भी आत्महत्या का केस दर्ज कर जांच की थी।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
करीब 18 साल पहले प्रवाल सोनी की शादी तखतपुर निवासी सोना सोनी से हुई थी। परिवार में दो बेटे थे। लेकिन एक के बाद एक हुई दर्दनाक घटनाओं ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया। बताया जा रहा है कि पत्नी और बेटे की मौत के बाद से प्रवाल अकेलेपन और मानसिक तनाव से जूझ रहे थे। अब उनकी आत्महत्या के बाद यह दर्दनाक पारिवारिक कहानी एक बार फिर चर्चा में आ गई है। बेटे की मौत का सदमा, पत्नी की आत्महत्या का दर्द और आखिरकार खुद जिंदगी से हार गया सराफा कारोबारी। रायपुर के इस परिवार की दर्दनाक कहानी ने हर किसी को झकझोर दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन लगातार हुई तीन मौतों ने कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं। (Bullion Trader Commits Suicide)




