छत्तीसगढ़ में साय मंत्रिमंडल फेरबदल की अटकलें तेज, CM के बयान से बढ़ी सियासी हलचल

New Faces in Cabinet: CM विष्णुदेव साय के मंत्रिमंडल में जल्द फेरबदल की चर्चाओं ने प्रदेश की राजनीति को गरमा दिया है। सियासी गलियारों में चर्चा है कि सरकार में 3 से 4 मंत्रियों को बदला जा सकता है, वहीं कुछ नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में नई जिम्मेदारी भी मिल सकती है। खास तौर पर डिप्टी CM विजय शर्मा को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी मिलने की अटकलें तेज हैं। मंत्रिमंडल में संभावित नए चेहरों को लेकर भी चर्चाएं जोरों पर हैं। दावेदारों में लता उसेंडी, पुरंदर मिश्रा, राजेश मूणत, सुशांत शुक्ला और भावना बोहरा के नामों की चर्चा सामने आ रही है।
यह भी पढे़ं:- मई में ‘तंदूर’ बना देश ! मैदान से पहाड़ तक हाहाकार, छुट्टियां मनाने निकले लोग भी परेशान
इसी बीच चिरमिरी दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंत्रिमंडल में फेरबदल को लेकर बड़ा बयान दिया। प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उसके लिए अभी इंतजार कीजिए। मुख्यमंत्री के इस छोटे, लेकिन अहम बयान के बाद प्रदेश में मंत्रिमंडल में फेरबदल को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं। राजनीतिक विश्लेषक इसे सरकार के भीतर संभावित बदलावों का संकेत मान रहे हैं। वहीं कांग्रेस ने इन चर्चाओं को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने मुख्यमंत्री के बयान पर तंज कसा है। (New Faces in Cabinet)
अलग-अलग तरह के लगाए जा रहे कयास
बैज ने कहा कि सुशासन तिहार में मुख्यमंत्री को पता चल चुका है कि सरकार फेल हो चुकी है, मंत्रियों पर भ्रष्टाचार के आरोप लग रहे हैं, मंत्री भी मुख्यमंत्री के नियंत्रण में नहीं है, इसलिए मंत्री बदलने की चर्चा होती है, लेकिन इन्हें पता है मंत्री बदलने से क्या होगा? क्योंकि जनता ठान ली है कि अब ढाई साल बाद सरकार बदल देंगे, लेकिन ये बदलाव इसलिए नहीं कर पा रहे हैं, क्योंकि सभी बड़े नेताओं की अपनी-अपनी लिस्ट है कि मेरे लोगों को नियुक्त करिए, गुटबाजी है, कार्यकर्ता परेशान है। प्रदेश में मंत्रिमंडल फेरबदल को लेकर लगातार अलग-अलग तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
विपक्ष ने बताया असंतोष और गुटबाजी
मुख्यमंत्री के बयान के बाद जहां सत्ता पक्ष में हलचल बढ़ गई है, वहीं विपक्ष इसे सरकार के भीतर असंतोष और गुटबाजी का परिणाम बता रहा है। साथ ही कुछ नेताओं को राज्य से केंद्र संगठन में भेजे जाने की चर्चा भी राजनीतिक माहौल को और गर्म कर रही है। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या आने वाले दिनों में विष्णुदेव साय मंत्रिमंडल में बड़ा फेरबदल देखने को मिलेगा या फिर ये चर्चाएं सिर्फ राजनीतिक अटकलों तक ही सीमित रह जाएंगी। प्रदेश की राजनीति में अब सबकी नजर भाजपा नेतृत्व के अगले फैसले पर टिकी हुई है। (New Faces in Cabinet)



