एक्सप्रेसवे पर तबाही: कोहरे में भिड़ीं 7 बसें, धधक उठे वाहन, 4 शव बरामद
आग लगने से 4 की मौत, 25 घायल, कोहरे को बताया जा रहा कारण
Delhi-Agra Expressway Accident : दिल्ली–आगरा यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार अल सुबह भीषण सड़क हादसा (Delhi-Agra Expressway Accident) हो गया। मथुरा जिले के बलदेव थाना क्षेत्र अंतर्गत माइलस्टोन-127 के पास घने कोहरे के कारण एक के बाद एक कई वाहन आपस में टकरा गए, जिससे बसों और कारों में भीषण आग लग गई। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 यात्री घायल हुए हैं।
यह भी पढ़े :- नितिन नबीन की ताजपोशी पर छत्तीसगढ़ भाजपा उत्साहित, एकात्म परिसर में जश्न
सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
कोहरे में एक के बाद एक टकराते गए वाहन
जानकारी के अनुसार, आगरा से नोएडा की ओर जा रही बसें और कारें यमुना एक्सप्रेसवे से गुजर रही थीं। इसी दौरान घने कोहरे के कारण पीछे से आ रही एक कार आगे चल रही कार से टकरा गई। इसके बाद टक्कर का सिलसिला शुरू हो गया और पीछे से आ रही बसें भी इसकी चपेट में आ गईं।
हादसे में कुल 7 बसें और 3 कारें आपस में टकराईं, जिनमें आग लग गई। इनमें 6 स्लीपर बसें और एक रोडवेज बस शामिल है।
दमकल की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। कई वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए।
चार की मौत, 25 घायल
एसएसपी श्लोक कुमार ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि इस दुर्घटना में चार लोगों की मौत हुई है और 25 लोग घायल हुए हैं। घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
यातायात प्रभावित, मार्ग किया गया डायवर्ट
हादसे के बाद यमुना एक्सप्रेसवे पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सुरक्षा कारणों से मार्ग को अस्थायी रूप से बंद कर वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से डायवर्ट किया गया। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने और स्थिति सामान्य होने के बाद यातायात बहाल किया गया।
हादसे के कारणों की जांच शुरू
प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक तौर पर घना कोहरा दुर्घटना की वजह माना जा रहा है। इस हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा व्यवस्था और वाहनों की तकनीकी जांच को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। (Delhi-Agra Expressway Accident)



