Raipur Navodaya School : नवोदय स्कूल में मारपीट का मामला, चार छात्र घायल- कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश

Raipur Navodaya School : राजधानी रायपुर के माना स्थित नवोदय स्कूल (Raipur Navodaya School) से मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि बीती रात हॉस्टल में मोबाइल देखने पर शिक्षक और वार्डन ने चार छात्रों को बुरी तरह पीटा। इसमें एक छात्र के हाथ-पांव में गंभीर चोट आई है, जबकि तीन अन्य बच्चों के शरीर पर भी चोट के निशान मिले हैं।
यह भी पढ़े :- SCO Summit 2025 : ‘ड्रैगन और हाथी का साथ जरूरी’ – शी जिनपिंग ने मोदी से कहा, SCO समिट में आने पर जताया आभार
छात्रों का आरोप
पीड़ित छात्रों का कहना है कि रात करीब 1 बजे वे मोबाइल पर वीडियो देख रहे थे। उसी दौरान वार्डन और शिक्षक डी.के. सिंह कमरे में पहुंचे और डंडे-छड़ी से पिटाई शुरू कर दी।
एक छात्र ने आरोप लगाया कि शिक्षक ने उसके प्राइवेट पार्ट पर हमला करने की कोशिश भी की।
छात्रों के मुताबिक, मारपीट के दौरान गालियां दी गईं और धमकी दी गई कि उन्हें स्कूल से निकाल दिया जाएगा।
प्रिंसिपल का पक्ष
स्कूल प्रिंसिपल लक्ष्मी सिंह ने माना कि छात्र मोबाइल पर एडल्ट कंटेंट देख रहे थे और वार्डन से उनकी बहस हुई थी। उन्होंने कहा -अनुशासन जरूरी है, लेकिन बच्चों को पीटना किसी भी स्थिति में सही नहीं है। मामला जितना गंभीर बताया जा रहा है, उतना बड़ा नहीं हुआ है।
परिजनों का आरोप
घायल छात्र के पिता ए.ओ. लारी ने कहा – “मेरे बच्चे को बुरी तरह पीटा गया है। हाथ-पांव में फ्रैक्चर है। अनुशासन जरूरी है, लेकिन इतनी बर्बरता किसी भी शिक्षक को शोभा नहीं देती।”
आरोपी शिक्षक का बचाव
आरोपी शिक्षक डी.के. सिंह ने कहा कि वार्डन के बुलाने पर वे हॉस्टल पहुंचे थे। बच्चों को मोबाइल के साथ देखकर सवाल किया, लेकिन जवाब न मिलने पर उन्होंने एक छात्र को छड़ी से मारा। उन्होंने रॉड से पिटाई और हड्डी तोड़ने से इनकार किया। सिंह ने कहा – मुझसे गलती हुई है, इसके लिए मैं माफी मांगता हूं।”
प्रशासन की कार्रवाई
रायपुर के DEO हिमांशु भारती ने बताया कि कलेक्टर गौरव सिंह ने जांच के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा – “बच्चों से मारपीट हुई है। उनकी सेहत पर नजर रखी जा रही है। दोनों पक्षों को सुनने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। (Raipur Navodaya School)



