छत्तीसगढ़ में 12वीं की बोर्ड परीक्षा आज से शुरू, 3 मार्च से शुरू होगी 10वीं की बोर्ड परीक्षा

CG Board Exam 2025: छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की ओर से 12वीं बोर्ड की परीक्षा आज यानी 1 मार्च 2025 से शुरू हो रही है। परीक्षा सुबह 9:15 बजे से लेकर दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। छात्रों को सुबह 9 बजे तक परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा। आंसर सीट सुबह 9:05 बजे दिए जाएंगे और प्रश्न पत्र 9:10 बजे दिए जाएंगे। 12वीं की पहली परीक्षा हिंदी है। वहीं आखिरी परीक्षा मनोविज्ञान है। बता दें कि छत्तीसगढ़ में कुल 2397 परीक्षा केंद्र बनाए गए, जिसमें 12वीं के 2 लाख 40 हजार 341 स्टूडेंट्स परीक्षा देंगे।
यह भी पढ़ें:- CG Cabinet Meeting : बजट पेश होने के एक दिन पहले मुख्यमंत्री साय मंत्रिपरिषद की होगी बैठक…
वहीं 10वीं की बोर्ड परीक्षा 3 मार्च से शुरू होगी। इस बार कुल 3 लाख 28 हजार 450 स्टूडेंट्स 10वीं बोर्ड की परीक्षा देंगे। बलरामपुर में बोर्ड परीक्षाओं के लिए 59 शासकीय और अशासकीय विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जहां 10वीं के 9373 और 12वीं के 7063 कुल 16 हजार 436 परीक्षार्थी शामिल होंगे। कलेक्टर राजेन्द्र कटारा के मार्गदर्शन में परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्रों में सतत निगरानी, निरीक्षण समेत अनुचित साधनों के उपयोग को रोकने के लिए जिला और विकासखंड स्तरीय निरीक्षण दल का गठन भी किया गया है। (CG Board Exam 2025)
सुकमा में बनाए गए 18 परीक्षा केंद्र
सुकमा के जिला शिक्षा अधिकारी जीआर मंडावी ने बताया कि 1 मार्च 2025 से शुरू बोर्ड परीक्षा के लिए इस साल 18 परीक्षा केंद्र बनाया गया है। पिछले साल 16 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। छात्रों की संख्या और सुविधा को देखते हुए इस साल 2 परीक्षा केंद्र पाकेला और तालनार बढ़ाए गए हैं। सुकमा जिले में कक्षा 10वीं के 1902 और कक्षा 12वीं के 1495 स्टूडेंट इस तरह कुल 3399 स्टूडेंट बोर्ड की परीक्षा में शामिल होंगे। जिला शिक्षा अधिकारी मंडावी ने बताया कि कई परीक्षा केंद्र अति संवेदनशील क्षेत्र में होने के कारण पूर्व में माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर की ओर से प्राप्त गोपनीय परीक्षा सामग्री का वितरण कर नजदीकी पुलिस थानों में सुरक्षित रखा दिया गया है। परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन, जिला शिक्षा अधिकारी और विकासखंड स्तर पर उड़न दस्ता दल की नियुक्ति की गई है। (CG Board Exam 2025)
ध्वनि विस्तारक यंत्र प्रतिबंधित
सूरजपुर कलेक्टर एस जयवर्धन ने ध्वनि विस्तारक यंत्र पर प्रतिबंध लगा दिया है। बोर्ड और कॉलेजों की परीक्षाओं को लेकर यह फैसला लिया गया है। आम जनता के ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग मानक सीमा से ज्यादा आवाज, ऊंची आवाज में किए जाने से विद्यार्थियों को पढ़ाई में व्यवधान उत्पन्न होता है। इसके अतिरिक्त बुजुर्ग, दुर्बल और बीमार व्यक्ति चाहे वे किसी संस्था, अस्पताल या घर में हों, को अत्यधिक परेशानी होती है। इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए ध्वनि विस्तारक यंत्रों का मनमानी तरीके से उपयोग की सुविधा नहीं दी जा सकती है। विशेष परिस्थितियों में क्षेत्र के अनुविभागीय दंडाधिकारी से अनुमति प्राप्त कर धीमी आवाज में लाउडस्पीकर का उपयोग किया जा सकता है, लेकिन रात 10 बजे से सुबह 6 बजे के मध्य ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। (CG Board Exam 2025)



