दिल्ली में छत्तीसगढ़ कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की हुई बैठक, लोकसभा के उम्मीदवारों को लेकर हुआ मंथन

CG Congress Screening Committee: छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद कांग्रेस लोकसभा की तैयारी में जुट गई है। इस बीच दिल्ली में छत्तीसगढ़ कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक हुई, जिसमें लोकसभा चुनाव को लेकर मंथन किया गया। बैठक में टिकट के दावेदारों के नाम पर चर्चा हुई। बैठक के बाद छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने कहा कि छत्तीसगढ़ की सभी 11 लोकसभा सीटों को लेकर उम्मीदवारों के नाम शॉर्ट लिस्ट कर दिए गए हैं। इस बार जीतने वाले उम्मीदवार को टिकट दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें:- रायपुर में हुई BJP विधायक दल की बैठक, बजट सत्र की रणनीति को लेकर चर्चा
बैठक में स्क्रीनिंग कमेटी की अध्यक्ष रजनी पाटिल, छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व डिप्टी CM टीएस सिंहदेव, पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, शिव डहरिया समेत कई नेता मौजूद रहे। जानकारी के मुताबिक कुछ सीटों को लेकर पैनल बनाए गए हैं। लोकसभा चुनाव के लिए अंतिम फैसला अब कांग्रेस CEC की बैठक में लिया जाएगा। बैठक को लेकर पूर्व डिप्टी CM टीएस सिंहदेव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में लोकसभा की सभी 11 सीटों पर मंथन का दौर चला है। चर्चा पूरी हुई है। अंतिम फैसला अब CEC की बैठक में होगा। स्क्रीनिंग कमेटी का काम पूरा हो गया है। मैं पारिवारिक कारणों से चुनाव नहीं लड़ूंगा, लेकिन पार्टी राज्य के बड़े चेहरे को चुनाव में उतार सकती है।
चुनाव में जीत को लेकर मेगा मंथन: रजनी पाटिल
कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की चेयरमैन रजनी पाटिल ने कहा कि छत्तीसगढ़ की सभी सीटों पर नाम तय हो गए हैं। चुनाव में जीत को लेकर मेगा मंथन हुआ है। हम चुनाव अच्छे से जीतेंगे। कई सीटों पर पैनल बनाया गया है। वहीं PCC चीफ दीपक बैज ने कहा कि आचार संहिता लगने से पहले छत्तीसगढ़ में कांग्रेस प्रत्याशियों की सूची आ सकती है। PCC चीफ बैज ने कहा कि पहले सूची जारी होने से प्रत्याशियों को समय मिल सकेगा। लोकसभा क्षेत्र बहुत बड़ा होता है। ऐसे में उम्मीदवारों को प्रचार-प्रसार के लिए समय मिल जाएगा। (CG Congress Screening Committee)



