Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में 71.41 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी, साढ़े 17 लाख से ज्यादा किसानों ने बेचा धान

CG Dhan News: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ में धान खरीदी का महाभियान निरंतर जारी है। यह अभियान 31 जनवरी 2023 तक चलेगा। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में समर्थन मूल्य पर किसानों से अब तक 71.41 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है। धान खरीदी के एवज में राज्य के साढ़े सत्रह लाख से अधिक किसानों को 14,852 करोड़ रूपए का भुगतान बैंक लिंकिंग व्यवस्था के तहत किया गया है।

यह भी पढ़ें:- दूर होने लगा कुपोषण, फिर मुस्कुराया बचपन, 4 माह में 100 से ज्यादा बच्चे सुपोषित

मुख्यमंत्री की पहल पर पिछले साल की तरह इस साल भी धान खरीदी के साथ-साथ कस्टम मिलिंग के लिए निरंतर धान का उठाव जारी है। अब तक 56.12 लाख मीट्रिक टन धान के उठाव के लिए डीओ जारी किया गया है, जिसके विरूद्ध मिलर्स द्वारा 45 लाख 77 हजार मीट्रिक टन धान का उठाव किया जा चुका है। अधिकारियों ने बताया कि 26 दिसम्बर को 42 हजार 367 किसानों से 1.57 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है। इसके अलावा ऑनलाइन प्राप्त टोकन के जरिए किसानों से लगभग 35 हजार टन से अधिक धान की भी खरीदी हुई हैं। (CG Dhan News)

आगामी दिवस की धान खरीदी के लिए 51 हजार से अधिक टोकन और ‘टोकन तुंहर हाथ एप’ के जरिए लगभग 11 हजार टोकन ऑनलाइन जारी किए गए हैं। गौरतलब है कि इस साल राज्य में 25.92 लाख किसानों का पंजीयन हुआ है, जिसमें लगभग 2.26 लाख नये किसान शामिल हैं। राज्य में धान खरीदी के लिए 2600 उपार्जन केन्द्र बनाए गए हैं। सामान्य धान 2040 रूपए प्रति क्विंटल और ग्रेड-ए धान 2060 रूपए प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जा रहा है। इसी तरह राज्य में धान खरीदी की व्यवस्था पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। सीमावर्ती राज्यों से धान के अवैध परिवहन को रोकने के लिए चेक पोस्ट पर माल वाहकों की चेकिंग की जा रही है। (CG Dhan News)

156 बोरी धान जब्त

इधर, गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले में धान खरीदी केंद्र पेंड्रा में बिक्री के लिए लाए गए धान संदिग्ध होने पर और अमानक पाए जाने पर कुल 156 बोरी धान जब्त कर समिति प्रबंधक को सौंपा गया है। कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी के निर्देशानुसार कोचिओं और बिचौलियों द्वारा अवैध तरीके से समर्थन मूल्य पर धान खपाए जाने पर कड़ी नजर रखी जा रही है। इसी कड़ी में डिप्टी कलेक्टर सह तहसीलदार पेंड्रा ऋचा चंद्राकर के नेतृत्व में जांच दल द्वारा जब्ती की कार्रवाई की गई। (CG Dhan News)

Back to top button
error: Content is protected !!