CG NEWS : टावर पर चढ़ी किशोरी, छलांग लगाने की आशंका से मची अफरा-तफरी
CG NEWS : सक्ती जिले के हसौद में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब शासकीय कन्या शाला के पास एक किशोरी मोबाइल टावर पर चढ़ गई। किशोरी के टावर से छलांग लगाने की आशंका को देखते हुए मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम भी मौके पर पहुंची और किशोरी को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया।
डेढ़ घंटे तक समझाइश देती रही पुलिस
मौके पर पहुंचे डायल-112 के जवान घनश्याम पांडे, कमलेश धरिया और संजय शर्मा ने किशोरी से बातचीत कर उसे नीचे उतरने के लिए समझाया। पुलिसकर्मियों ने काफी देर तक उससे बातचीत कर उसे शांत करने का प्रयास किया, लेकिन वह शुरुआत में नीचे आने के लिए तैयार नहीं हुई। (CG NEWS)
करीब डेढ़ घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद पुलिस की लगातार समझाइश का असर हुआ। किशोरी नीचे उतरने के लिए तैयार हो गई, जिसके बाद उसे सुरक्षित टावर से नीचे उतार लिया गया।
प्रेम संबंध से जुड़े विवाद की चर्चा
किशोरी के नीचे उतरने के बाद पुलिस ने उससे पूछताछ की और आवश्यक समझाइश दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार किशोरी करही गांव की रहने वाली है और वर्तमान में हसौद में अपने मामा के घर रह रही थी।
स्थानीय स्तर पर घटना को प्रेम संबंध से जुड़े विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सुरक्षित बचाव के बाद लोगों ने ली राहत की सांस
किशोरी के टावर पर चढ़ने की सूचना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए थे। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद किशोरी के सुरक्षित नीचे उतरने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
पुलिस ने किशोरी और उसके परिजनों को समझाइश देते हुए कहा कि किसी भी तरह के तनाव या पारिवारिक समस्या की स्थिति में खतरनाक कदम उठाने के बजाय परिजनों और भरोसेमंद लोगों से बातचीत कर समाधान तलाशना चाहिए। (CG NEWS)
यह भी पढ़े :- Raksha Bandhan 2026: PM मोदी ने देशवासियों को दी रक्षाबंधन की शुभकामनाएं, अमित शाह और राजनाथ सिंह ने भी दी बधाई



