Google Analytics —— Meta Pixel

तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मासूम को कुचला, मौत के बाद भड़का ग्रामीणों का गुस्सा; वाहन में लगाई आग

धमतरी। जिले के कुरूद थाना क्षेत्र के नारी गांव में शुक्रवार सुबह रेत से भरे तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग नारी बस स्टैंड के पास जमा होकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। गुस्साए ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया और हादसे में शामिल ट्रैक्टर को आग के हवाले कर दिया।

चालक के साथ भी मारपीट

हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक के साथ मारपीट कर दी। बताया जा रहा है कि चालक को गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और गांव में तनाव फैल गया।

सूचना मिलते ही कुरूद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाइश देकर स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया और घायल चालक को ग्रामीणों के बीच से निकालकर उपचार के लिए भेजने की कार्रवाई की।

चक्काजाम से यातायात प्रभावित

मासूम की मौत से नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर प्रदर्शन करते हुए चक्काजाम कर दिया। इससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। ग्रामीण हादसे के लिए जिम्मेदार चालक के खिलाफ कार्रवाई और सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर रोक लगाने की मांग को लेकर आक्रोशित नजर आए।

हादसे, आगजनी और मारपीट की जांच

मासूम की मौत के बाद ट्रैक्टर में आगजनी और चालक से मारपीट की घटना के चलते गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को सामान्य कराया।

फिलहाल पुलिस सड़क हादसे, ट्रैक्टर में आगजनी और चालक से मारपीट तीनों घटनाओं की जांच कर रही है। मृतक मासूम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं घायल चालक की स्थिति और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़े :- CG NEWS : टावर पर चढ़ी किशोरी, छलांग लगाने की आशंका से मची अफरा-तफरी

Back to top button
error: Content is protected !!