Google Analytics —— Meta Pixel

पहले चोरी का आरोप, फिर बेरहम पिटाई; घायल महिला की मौत से मचा हड़कंप

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में चोरी के शक में एक महिला की बेरहमी से पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल महिला को समय पर इलाज नहीं मिलने से उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने आरोपी पड़ोसी संजय चौहान को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना सीतापुर के खाल बगीचा स्थित अटल आवास की बताई जा रही है। आरोप है कि पड़ोसी संजय चौहान ने महिला पर 20 हजार रुपए चोरी करने का आरोप लगाते हुए उसके साथ मारपीट की। मारपीट के दौरान महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

मारपीट में टूटा पैर, घंटों पड़ी रही घायल

बताया जा रहा है कि पिटाई के दौरान महिला के पैर में गंभीर चोट आई और पैर टूट गया। इसके बावजूद उसे तत्काल अस्पताल नहीं ले जाया गया। गंभीर हालत में महिला कई घंटे तक वहीं पड़ी रही।

कुछ समय बाद आरोपी ने महिला के पति को फोन कर बताया कि उसकी पत्नी बेहोश पड़ी है। सूचना मिलने पर पति मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी।

अंतिम संस्कार की तैयारी का भी आरोप

मामले में यह भी आरोप सामने आया है कि घटना को छिपाने के उद्देश्य से महिला के अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही थी। घटना की जानकारी पुलिस को मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

पुलिस ने आरोपी संजय चौहान को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस महिला की मौत के कारणों, मारपीट की परिस्थितियों और घटना के बाद किए गए कथित प्रयासों समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़े :- तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मासूम को कुचला, मौत के बाद भड़का ग्रामीणों का गुस्सा; वाहन में लगाई आग

Back to top button
error: Content is protected !!