छत्तीसगढ़ में 124.89 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी, 31 जनवरी तक बन सकता है नया रिकॉर्ड

CG Paddy Purchase Update: छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 के तहत एक नवंबर 2023 से धान खरीदी का अभियान लगातार जारी है। राज्य सरकार द्वारा इस साल मोदी की गारंटी के हिसाब से किसानों से 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से धान की खरीदी की जा रही है। राज्य सरकार द्वारा अब तक किसानों से 124.89 लाख मीट्रिक टन धान की समर्थन मूल्य पर खरीदी की जा चुकी है। धान के एवज में किसानों को 26482 करोड़ रूपए से अधिक की राशि का भुगतान बैंक के माध्यम से किया गया है।

यह भी पढ़ें:- जल जीवन मिशन के 234 कार्य निरस्त, समय पर कार्य पूरा नहीं होने पर क्रेडा ने लिया एक्शन

मार्कफेड के महाप्रबंधक के मुताबिक राज्य में समर्थन मूल्य पर अब तक 22 लाख 65 हजार 864 किसानों से 124 लाख 89 हजार 623 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। इसके एवज में किसानों को 26 हजार 482 करोड़ रूपए से ज्यादा की राशि का भुगतान बैंक के माध्यम से किया गया है। धान खरीदी के साथ-साथ कस्टम मिलिंग के लिए निरंतर धान का उठाव जारी है। अब तक 98 लाख 38 हजार 565 मीट्रिक टन धान के उठाव के लिए डीओ जारी किया गया है, जिसके विरूद्ध मिलर्स द्वारा 83 लाख 15 हजार 849 मीट्रिक टन धान का उठाव किया जा चुका है। (CG Paddy Purchase Update)

31 जनवरी तक जारी रहेगी धान खरीदी

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश के अनुसार प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान का लाभ पहले बेच चुके किसानों को भी मिलेगा। इसका मतलब यह है कि एक नवंबर से अब तक पूर्व निर्धारित मात्रा के मुताबिक धान बेच चुके किसान, शेष मात्रा का धान, उपार्जन केंद्र में 31 जनवरी तक बेच सकेंगे। बता दें कि राज्य शासन द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में 130 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य रखा गया है। इस हिसाब से धान खरीदी का लक्ष्य जल्द पूरा हो जाएगा। इसके साथ ही नया रिकॉर्ड भी बन सकता है। क्योंकि किसानों के पास धान बेचने के लिए अभी भी 8 दिन बाकी है। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा था कि MSP और अंतर की राशि एकमुश्त दी जाएगी। (CG Paddy Purchase Update)

Related Articles

Back to top button