Trending

CG Rain: छत्तीसगढ़ की राजधानी समेत 19 जिलों में कम बारिश दर्ज, जानिए मौसम की बेरूखी का क्या है कारण

CG Rain: छत्तीसगढ़ में मानसून की एंट्री के बाद भी कई जिलों में बारिश नहीं हो रही है। ऐसे में सभी लोगों की चिंता बढ़ गई है। दरअसल, छत्तीसगढ़ के लिए मानसून सामान्य नहीं है। प्रदेश में मानसून के सक्रिय हुए 15 दिन हो गए, लेकिन प्रदेश के 19 जिलों में सामान्य से कम बरसात हुई है। तीन जिलों में तो 66 से 74% तक कम पानी बरसा है। मौसम विभाग के मुताबिक एक जून से 30 जून तक प्रदेश में सामान्य तौर पर औसतन 193.5 मिलीमीटर बरसात होती है। इस साल जून महीने के इन 30 दिनों में केवल 137.3 मिलीमीटर यानी 29% कम पानी बरसा है। इधर दोपहर बाद बिलासपुर में जमकर बारिश हुई। यहां सामान्य से 5 फीसदी ज्यादा बारिश है।

यह भी पढ़ें:- CM Gave Instructions: छत्तीसगढ़ मानसून की बेरूखी, मुख्यमंत्री ने गांवों में मनरेगा के कामों को जारी रखने के दिए निर्देश

मौसम विभाग के मुताबिक, जशपुर जिले में सबसे कम बरसात हुई है। यहां 265.5 मिमी औसत बरसात होती रही है। इस बार केवल 69.6 मिमी बरसात हुई है। यह 74% तक कम है। बलरामपुर और सरगुजा में 66% कम पानी बरसा है। वहीं रायपुर में 59% कम बरसात हुई है। यहां सामान्य तौर पर जून में 178.2 मिमी औसत बरसात होती है। इस बार केवल 73.5 मिमी बरसात ही हो पाई है। बस्तर, बेमेतरा, दंतेवाड़ा, दुर्ग, कांकेर, कोरिया, कोण्डागांव, महासमुंद, रायगढ़, राजनांदगांव, सुकमा और सूरजपुर में भी 20 से 59% तक कम बरसात होने की वजह से कम वर्षा वाले क्षेत्रों में शामिल किया गया है। पिछले साल सुकमा जिला जून में सबसे अधिक बरसात वाले जिलों में शामिल था। इस बार यह सूखे जिलों में दिख रहा है। कम बरसात की वजह से कई जिलों में धान की रोपाई शुरू नहीं हो पा रही है। अगर यह खिंच गया तो इस साल धान का उत्पादन प्रभावित हो सकता है। (CG Rain)

7  जिलों में सामान्य बारिश दर्ज

छत्तीसगढ़ के सात जिलों में सामान्य वर्षा हुई है। इसमें से पांच जिलों में सामान्य से 17 मिमी तक कम बरसात हुई है। इनमें नारायणपुर, बीजापुर, धमतरी, गरियाबंद और कोरबा जिला शामिल है। जांजगीर-चांपा में 10% और बिलासपुर में 5% अधिक पानी बरसा है। प्रदेश के केवल 2 जिले ऐसे हैं जहां से बहुत अधिक पानी गिरा है। कबीरधाम जिले में जून का सामान्य औसत है 134.5 मिलीमीटर। इस एक महीने में कबीरधाम जिले में 181 मिमी पानी बरस चुका है। यानी सामान्य से 35% अधिक बरसात हो चुकी है। मुंगेली जिले में 30% अधिक बरसात हुई है। यहां सामान्य औसत 163.2 मिमी का है। 30 जून तक मुंगेली में 211.5 मिमी बरसात हो चुकी है।  (CG Rain)

शुक्रवार को भारी बरसात के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक पूर्व पश्चिम द्रोणिका पंजाब से उत्तर पूर्व बंगाल की खाड़ी तक 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके प्रभाव से प्रदेश में एक जुलाई को अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात होने तथा भारी बारिश भी होने की भी संभावना बन रही है, बारिश नहीं होने से किसानी में असर पड़ रही है। (CG Rain)

Related Articles

Back to top button