लग्जरी गाड़ी में घूम-घूमकर वारदात, रायपुर में अंतरराज्यीय लेडी गैंग का पर्दाफाश, कई राज्यों में फैला था जाल

Chain Snatching Gang: राजधानी रायपुर में चेन स्नेचिंग की बढ़ती वारदातों के बीच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और डीडी नगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक अंतरराज्यीय महिला गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 7 महिलाओं और 1 पुरुष समेत कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक यह गिरोह मध्यप्रदेश के इंदौर और महाराष्ट्र के जलगांव का रहने वाला है, जो लग्जरी इनोवा कार से देशभर के अलग-अलग शहरों में घूम-घूमकर भीड़भाड़ वाले बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं को निशाना बनाता था। सभी आरोपी आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें:- कोंडागांव में पति ने पत्नी को उतारा मौत के घाट, फिर खुद फांसी लगाकर की आत्महत्या, दो बच्चे हुए अनाथ
मामले का खुलासा तब हुआ, जब डीडी नगर थाना क्षेत्र के चंगोराभाठा बाजार में 8 अप्रैल को 66 साल की निर्मला वर्मा के गले से सोने की चेन झपट ली गई। इसे लेकर उनके बेटे तरुणेन्द्र वर्मा ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिसमें कुछ संदिग्ध महिलाएं पीड़िता के आसपास मंडराती और मौका पाकर चेन चोरी करती नजर आईं। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस को पता चला कि संदिग्ध एक इनोवा कार में घूम रहे हैं। सूचना मिलने पर भाठागांव बस स्टैंड के पास घेराबंदी कर वाहन को रोका गया, जिसमें 7 महिलाएं और 1 पुरुष सवार थे।
एक दर्जन से ज्यादा वारदातें कबूली
पूछताछ में आरोपियों ने पहले पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ के बाद उन्होंने वारदातें कबूल कर ली। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने रायपुर के सरस्वती नगर, खमतराई, कोतवाली, गोलबाजार और डीडी नगर थाना क्षेत्रों में एक दर्जन से ज्यादा चेन स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। इसके अलावा गिरोह ने गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के कई शहरों में भी इसी तरह की वारदातें करने की बात कबूली है। (Chain Snatching Gang)
नकदी, सोने की चेन और लग्जरी कार जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10,500 रुपए नकद, एक सोने की चेन, एक कटर, चार मोबाइल और एक इनोवा कार जब्त की है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 11.30 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने चोरी की चेन बेचकर ही यह लग्जरी वाहन खरीदा था। गिरफ्तार आरोपियों में संध्या सकटे, सोनिया हातागले, उज्वाला हातागले, साखरा बाई, ज्योति सकटे, सरिता ज्वरे, अभय हतागले समेत अन्य शामिल हैं। (Chain Snatching Gang)
कनेक्शन की जांच कर रही पुलिस
क्राइम ब्रांच के डीसीपी स्मृतिक राजनाला के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही अन्य राज्यों में दर्ज मामलों से भी इनके कनेक्शन की जांच की जा रही है। रायपुर पुलिस की इस कार्रवाई से अंतरराज्यीय चेन स्नेचिंग गिरोह का बड़ा खुलासा हुआ है। मामले ने यह भी उजागर किया है कि संगठित गिरोह लग्जरी वाहनों का उपयोग कर सुनियोजित तरीके से वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, जिससे आम लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। पुलिस ने आम लोगों, खासकर महिलाओं को भीड़भाड़ वाले इलाकों में सतर्क रहने की सलाह दी है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। (Chain Snatching Gang)



