कोंडागांव में पति ने पत्नी को उतारा मौत के घाट, फिर खुद फांसी लगाकर की आत्महत्या, दो बच्चे हुए अनाथ

Murder Suicide in Kondagaon: कोंडागांव जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कोकोड़ी गांव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक शख्स ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी और उसके बाद खुद पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतकों की पहचान धनेश्वर नेताम (35 साल) और उनकी पत्नी सुबती नेताम (37 साल) के रूप में हुई है। दोनों के शव कोकोड़ी-बनियागांव मार्ग पर स्थित बोकाड़भाटा पत्थरली पखना जंगल में पाए गए। जानकारी के मुताबिक दंपति किसी काम से बनियागांव गए हुए थे। गुरुवार रात जब वे वापस लौट रहे थे, तभी बल्लारी नाला के पास दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में साड़ी वितरण योजना को लेकर विवाद, गुणवत्ता और मापदंडों में गड़बड़ी के आरोप, जांच के आदेश
दोनों के बीच यह कहासुनी धीरे-धीरे इतना बढ़ गई कि धनेश्वर नेताम ने गुस्से में आकर अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल सुबती नेताम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पत्नी की हत्या करने के बाद धनेश्वर नेताम ने पास ही एक पेड़ पर फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना को लेकर गांव में अलग-अलग तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। कोकोड़ी के पूर्व सरपंच जीवन लाल नेताम के मुताबिक पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद इतना बढ़ गया था कि गुस्से में पति ने आपा खो दिया और इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया। वहीं SDOP रुपेश कुमार ने बताया कि आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और उसका देशी तरीके से इलाज कराया जा रहा था। (Murder Suicide in Kondagaon)

SDOP रुपेश कुमार ने आशंका जताई कि मानसिक अस्थिरता के चलते ही आरोपी ने यह कदम उठाया होगा। घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थाना प्रभारी सौरभ उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है। पुलिस घटना के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। इस घटना में दंपति के दो छोटे बच्चे अनाथ हो गए हैं। अचानक हुई इस घटना से पूरा गांव स्तब्ध है। ग्रामीणों ने बच्चों के भविष्य को लेकर चिंता जताई है और प्रशासन से सहायता की मांग की है।



