चारधाम यात्रा के दौरान इस साल 11 लोगों की मौत, जिला प्रशासन ने की श्रद्धालुओं से अपील

Chardham Yatra Death 2024: उत्तराखंड में चारधाम यात्रा शुरू होने के बाद से लोग बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं, जिसके चलते व्यवस्थाएं चरमरा गई है। यह स्थिति इसलिए बनी क्योंकि बिना रजिस्ट्रेशन के यात्री पहुंच गए, जिसे लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। व्यवस्था सुधारने के लिए सचिव स्तर के अधिकारी पहुंचे हैं। अब तक 2 लाख 76 हजार 416 श्रद्धालु चारधाम के दर्शन कर चुके हैं। उत्तरकाशी-गंगोत्री मार्ग पर सोमवार को गंगनानी के पास 45 किलोमीटर लंबा जाम लगा था, जिसे रात तक खुलवा दिया गया। अब स्थिति सामान्य है। साथ ही यात्रा सुचारु रुप से चल रही है।
यह भी पढ़ें:- मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में मधुमक्खियों का आतंक, एक की मौत, 30 से ज्यादा लोग घायल
वहीं गढ़वाल मंडल के कमिश्नर विनय शंकर पांडे ने बताया कि चारधाम यात्रा के दौरान अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से 4 को डायबिटीज के साथ-साथ ब्लड प्रेशर की भी शिकायत थी। पांडे ने कहा कि कोशिश है सुगम और सुरक्षित यात्रा के साथ हर श्रद्धालु को दर्शन का लाभ मिले। उन्होंने कहा कि चार धामों में 14 मई तक ऑनलाइन कुल 26 लाख 73 हजार 519 रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं। गंगोत्री में 4 लाख 21 हजार 366, यमुनोत्री के लिए 4 लाख 78 हजार 576, बद्रीनाथ धाम के लिए 9 लाख सात हजार 60 और केदारनाथ धाम के लिए कुल 8 लाख 13 हजार 558 रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं। जबकि श्रीहेमकुंड साहिब के लिए 59,312 रजिस्ट्रेशन हुए हैं। इसके अलावा हरिद्वार और ऋषिकेश में 8 से 14 मई तक कुल 1,42,641 रजिस्ट्रेशन ऑफलाइन हुए हैं। (Chardham Yatra Death 2024)
पिछले साल की तुलना में ज्यादा पहुंच रहे श्रद्धालु
कमिश्नर विनय शंकर पांडे ने बताया कि यमुनोत्री में अब तक 59,158, गंगोत्री में 51,378, केदारनाथ में 1,26,306 और बद्रीनाथ धाम में 39,574 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। यमुनोत्री धाम में पांच किमी का रास्ता बेहद संकरा है। यहां पर एक समय में सीमित संख्या में ही लोग आ या जा सकते हैं। पिछले साल जब कपाट खुले थे तो उस दिन कुल 6,838 श्रद्धालु आए थे। जबकि इस बार कपाट खुलने वाले दिन 12,193 यात्री आ गए। केदारनाथ धाम में पिछले साल कपाट खुलने वाले दिन 18,335 यात्री आए, लेकिन इस साल करीब 29 हजार श्रद्धालु पहुंच गए। यमुनोत्री धाम के जानकी चट्टी में कुल 15,455 श्रद्धालु थे। (Chardham Yatra Death 2024)
बिना रजिस्ट्रेशन के पहुंचे कई श्रद्धालु
सुरक्षा के मद्देनजर कुछ यात्रियों को यमुनोत्री और गंगोत्री मार्ग पर भी ठहराया जा रहा है। सूखी टॉप से लौटते समय और गंगनानी से आगे गेट सिस्टम लागू किया गया है। सचिवालय में मुख्य सचिव ने बैठक ली। इसमें बताया गया कि ऑफलाइन पंजीकरण में जिन लोगों ने 20-21-22 मई के लिए पंजीकरण कराया गया था, वो भी पहले ही पहुंच गए। इस कारण भीड़ बढ़ी। इसलिए प्रशासन की टीमें सख्ती से चेकिंग कर रही हैं। अगर कोई टूर ऑपरेटर बिना पंजीकरण वाले यात्रियों को ले जाते हुए मिलता है तो यात्रियों को होल्ड कर वाहनों के परमिट सस्पेंड किए जाएंगे। प्रशासन ने लोगों से रजिस्ट्रेशन कराने के बाद ही यात्रा करने को कहा है। साथ ही कहा कि जिस तारीख का पंजीकरण हो उसी दिन पहुंचे। ऐसे में अगर आप अभी उत्तराखंड में चारधाम यात्रा करने का प्लान बना रहे हैं तो फिलहाल इसे कुछ दिन के लिए टाल दें। (Chardham Yatra Death 2024)



