01 से 07 जून तक मनाया जाएगा ‘चावल उत्सव’, राशनकार्डधारी परिवारों को एकमुश्त मिलेगा 3 महीने का चावल

Chawal Utsav in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में 01 से 07 जून 2025 तक ‘चावल उत्सव’ आयोजित किया जाएगा। इस दौरान प्रदेश के 81 लाख से ज्यादा राशनकार्डधारी परिवारों को जून, जुलाई और अगस्त यानी तीनों महीने का चावल एकमुश्त वितरित किया जाएगा। राज्य शासन ने इस उद्देश्य से प्रदेश की 13,928 उचित मूल्य दुकानों को चावल का आवंटन कर दिया है। सभी दुकानों में चावल का भंडारण कार्य तेजी से जारी है, ताकि वितरण में किसी तरह की बाधा न आए। इस पहल से दूरस्थ और ग्रामीण अंचलों तक समय पर खाद्य उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।
यह भी पढ़ें:- रेरा का स्पष्ट संदेश, कहा- पंजीयन विस्तार का मतलब पजेशन डिले नहीं, खरीदारों को तय समय पर मिलना चाहिए घर
राज्य खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण विभाग की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार 1 जून से 7 जून तक चावल उत्सव के दौरान सभी उचित मूल्य दुकानों से चावल का वितरण सुनिश्चित किया जाएगा। इस अवसर पर दुकानों में वितरण संबंधित जानकारी का प्रदर्शन अनिवार्य किया गया है। सभी जिलों के कलेक्टरों को निर्देशित किया गया है कि चावल वितरण की सूचना स्थानीय स्तर पर अलग-अलग प्रचार माध्यमों से व्यापक रूप से प्रसारित की जाए, जिससे प्रत्येक लाभार्थी तक यह जानकारी सुगमता से पहुंचे और वितरण पारदर्शी रहे। (Chawal Utsav in Chhattisgarh)

खाद्य विभाग की सचिव रीना बाबासाहेब कंगाले ने 28 मई को चावल उत्सव की तैयारी के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सभी जिला कलेक्टरों, खाद्य अधिकारियों और नागरिक आपूर्ति निगम के जिला प्रबंधकों के साथ समीक्षा बैठक की। साथ ही निर्देश दिए कि प्रत्येक उचित मूल्य दुकान में समय से पहले चावल का समुचित भंडारण सुनिश्चित किया जाए। चावल का वितरण दुकान स्तर की निगरानी समिति की उपस्थिति में हो और प्रत्येक लाभार्थी को ई-पॉस मशीन द्वारा बायोमैट्रिक प्रमाणीकरण के बाद ही चावल प्राप्त हो। साथ ही लाभार्थियों को वितरित चावल की पावती रसीद अनिवार्य रूप से दी जाए। (Chawal Utsav in Chhattisgarh)

खाद्य सचिव कंगाले ने कहा कि इस समग्र प्रक्रिया का उद्देश्य पारदर्शिता, जवाबदेही और लाभार्थी की सुविधा को सुनिश्चित करना है। विभाग की ओर से तकनीक का प्रभावी उपयोग भी सुनिश्चित किया जा रहा है। मानसून के दौरान प्रदेश की 249 ऐसे उचित मूल्य दुकानें है, जो बारिश के मौसम में पहुंचविहीन हो जाती हैं, उनके लिए भी विशेष तैयारी की गई है। जून महीने में ही इन दुकानों में अग्रिम चावल भंडारण की कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बारिश के दौरान भी राशन वितरण लगातार जारी रह सके। बैठक में नागरिक आपूर्ति निगम की प्रबंध संचालक किरण कौशल और खाद्य विभाग के संचालक रमेश शर्मा उपस्थित थे। इसके अलावा सभी जिलों के कलेक्टर, खाद्य नियंत्रक, जिला खाद्य अधिकारी और जिला प्रबंधक, नागरिक आपूर्ति निगम भी वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए शामिल हुए। (Chawal Utsav in Chhattisgarh)



