छत्तीसगढ़ में DMF घोटाले को लेकर जांच तेज, ACB-EOW ने की 12 ठिकानों पर छापेमारी

Chhattisgarh ACB EOW Raid: भूपेश बघेल सरकार के दौरान हुए बहुचर्चित DMF (जिला खनिज न्यास निधि) घोटाले को लेकर बुधवार सुबह ACB-EOW ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने प्रदेशभर में 12 ठिकानों पर एक साथ दबिश दी है। रायपुर में 5, दुर्ग में 2, राजनांदगांव में 4 और कुरूद में 1 ठिकाने पर छापे मारे गए हैं। ये कार्रवाई घोटाले से जुड़े ठेकेदारों, सप्लायरों और खनन कारोबारियों के परिसरों में की गई है। राजधानी रायपुर में वल्फोर्ट कॉलोनी स्थित अशोक कोठारी और अमित कोठारी के घरों पर ACB-EOW की टीम ने दबिश दी, जहां अधिकारियों ने दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की है।
यह भी पढ़ें:- राजनांदगांव में ED की बड़ी कार्रवाई, तीन जगहों पर एक साथ छापा
वहीं राजनांदगांव में सुबह करीब साढ़े पांच बजे EOW की टीम करीब 10 गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंची। यहां भारत माता चौक स्थित अग्रवाल परिवार के निवास, सत्यम विहार में यश नहाटा के घर और कामठी लाइन स्थित ललित भंसाली के ठिकाने पर छापा मारा गया। टीम यहां भी वित्तीय लेन-देन और ठेकों से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक यह कार्रवाई कारोबारियों, सप्लायरों और ब्रोकरों से संबंधित बताई जा रही है। EOW की टीम डीएमएफ फंड से जुड़ी वित्तीय अनियमितताओं और ठेकों में हुई गड़बड़ियों की जांच कर रही है। (Chhattisgarh ACB EOW Raid)
ACB-EOW की कार्रवाई से मचा हड़कंप
EOW की दबिश की खबर फैलते ही राजनांदगांव, रायपुर और दुर्ग में हलचल मच गई। आमजन और कारोबारी वर्ग के बीच चर्चा का दौर शुरू हो गया कि यह कार्रवाई किन बड़े नामों तक पहुंच सकती है। सूत्रों के मुताबिक जांच एजेंसी को घोटाले से जुड़े वित्तीय लेन-देन और अनुबंधों के दस्तावेज बरामद हुए हैं। फिलहाल कार्रवाई जारी है और एजेंसी की टीमें संबंधित पक्षों से पूछताछ कर रही हैं। (Chhattisgarh ACB EOW Raid)
कहां-कहां छापे
- रायपुर – 5 जगह
- दुर्ग – 2 जगह
- राजनांदगांव – 4 जगह
- कुरूद – 1 जगह



