Chhattisgarh : पैदल जिम जा रही युवती को अज्ञात वाहन ने रौंदा, सर्विस लेन पर दर्दनाक हादसा, वाहन चालक फरार

Chhattisgarh Road Accidents : आज शनिवार की सुबह दुर्ग जिले के भिलाई के फोरलेन रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें जिम जाने के लिए निकली एक 23 वर्षीय युवती की जान चली गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से युवती की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक घटनास्थल से फरार हो गया।
मृतक युवती का नाम सौम्या तिवारी (पिता कमलेश तिवारी) था, जो भिलाई-3 के बाजार चौक की निवासी थी। सौम्या हर दिन की तरह शनिवार सुबह 5:30 से 6 बजे के बीच जिम जाने के लिए घर से निकली थी।
सौम्या पैदल ही जनता स्कूल के पास स्थित सर्विस लेन पर चल रही थी। उसी दौरान, रायपुर की ओर जा रहे एक अज्ञात वाहन ने जलाराम होटल के पास सर्विस लेन पर चढ़ते हुए सौम्या को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन ने उसे कुचल दिया और तुरंत मेन लेन पर लौटकर रायपुर की ओर भाग गया।
घटना के समय पास मौजूद लोगों ने वाहन को रोकने की कोशिश की और आवाज भी लगाई, लेकिन चालक रुका नहीं। इस दुर्घटना के बाद आसपास के लोग हतप्रभ रह गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुरानी भिलाई थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला स्थित शास्त्री अस्पताल भेजा। शुरुआती जांच में पुलिस को घटनास्थल पर टायर के गहरे निशान मिले, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह हादसा किसी भारी वाहन, संभवतः ट्रक, द्वारा किया गया है। (Chhattisgarh Road Accidents)
हादसे की सूचना मिलने के बाद सौम्या के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है। फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है। (Chhattisgarh Road Accidents)



