Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ विधानसभा में जमकर हंगामा, दिव्यांगों को नौकरी, महतारी वंदन और पालना योजना का उठा मुद्दा

Chhattisgarh Assembly Session: छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के 16वें दिन में प्रश्नकाल के दौरान कई मुद्दों को लेकर जमकर हंगामा हुआ। भाजपा विधायक प्रबोध मिंज ने दिव्यांगजनों के लिए पदों के चिन्हांकन को लेकर सवाल किया। उन्होंने पूछा कि 2016 में बने अधिनियम को अब तक क्यों लागू नहीं किया गया है। इस पर महिला और बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कि दिव्यांगजन अधिनियम 2016 को लागू करने की प्रक्रिया जारी है। अलग-अलग विभागों से अभिमत लेने की प्रक्रिया अभी भी चल रही है। इस पर विधायक प्रबोध मिंज ने अपने ही सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि 7 सालों से सिर्फ प्रक्रिया ही चल रही है, लेकिन अब तक न पद चिन्हांकित हुए और न ही भर्ती हो सकी है।

यह भी पढ़ें:- PCC चीफ दीपक बैज का बड़ा बयान, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को बताया छत्तीसगढ़ का मिट्ठू 

कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि 24 विभागों से अभिमत आ गया है। जबकि 26 विभागों से आना बाकी है। अभिमत आने के बाद इसे लागू किया जाएगा। इस बीच विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने निर्देश दिए कि विभाग दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशील हो और प्रक्रिया पूरी करने की समय-सीमा तय करें। उन्होंने कहा कि 9 साल से प्रक्रिया ही चल रही है, पद चिन्हांकित भी नहीं हो सके। विभाग को दिव्यांगजनों के संबंध में संवेदनशील होना चाहिए। इधर, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि सरकार दिव्यांगजनों के साथ धोखा कर रही है, यह व्यवहार अमानवीय है। इस पर स्पीकर ने कहा कि मुख्य सचिव को इसकी चिंता करनी चाहिए। उन्होंने मुख्य सचिव को निर्देश दिए कि 6 महीने के भीतर पदों का चिन्हांकन किया जाए। (Chhattisgarh Assembly Session)

महतारी वंदन योजना पर आर-पार

कांग्रेस विधायक अटल श्रीवास्तव ने महतारी वंदन योजना को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग महिलाओं को महतारी वंदन योजना के तहत 500 रुपए काटकर दिए जा रहे हैं। पहले ही उन्हें 500 रुपए पेंशन के तहत मिलते थे, जो अब ना मिलकर सिर्फ महतारी वंदन के 1000 रुपए मिल रहे हैं। इस पर महिला और बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने जवाब दिया और बताया कि बुजुर्ग महिलाओं को अंतर की राशि दी जा रही है। इस पर कांग्रेस विधायक संगीता सिन्हा ने पूछा कि अंतर की राशि किस तरह दी जाती है? इस पर मंत्री राजवाड़े ने बताया कि पेंशनधारी महिलाओं को अंतर की राशि सरकार की ओर से दी जा रही है। मतलब अगर पहले 500 रुपए पेंशन के मिल रहे तो महतारी वंदन के 500 ही मिलेंगे। (Chhattisgarh Assembly Session)

पालना योजना पर घिरी मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े

कांग्रेस विधायक संगीता सिन्हा ने सवाल पूछा कि जिन महिलाओं का अभी तक रजिस्ट्रेशन नहीं हुआ, उनका रजिस्ट्रेशन कब तक पूरा होगा? इस पर कैबिनेट मंत्री राजवाड़े ने कहा कि जिन महिलाओं का रजिस्ट्रेशन नहीं हुआ उनकी चिंता सरकार कर रही है। सरकार इस पर ध्यान दे रही है और जल्द से जल्द रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी की जाएगी। कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी ने पालना योजना को लेकर सवाल किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 175 पालना केंद्र चल रहे हैं, लेकिन  सरकार ने अभी तक कोई राशि खर्च नहीं की है। इस पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कि 15 फरवरी तक कोई राशि खर्च नहीं की गई, क्योंकि 40 फीसदी राज्यांश नहीं मिल पाया है। विपक्षी विधायकों ने सवाल उठाया कि अगर कोई राशि खर्च ही नहीं हुई तो फिर योजना कैसे चल रही है? इस पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सरकार को निर्देश दिए कि इस संबंध में पूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाए। (Chhattisgarh Assembly Session)

Back to top button
error: Content is protected !!