Chhattisgarh Crimes : एंबुलेंस निकली चोरी की मशीन! ट्रांसफार्मर लूट का पर्दाफाश, 17 लाख का माल बरामद

Chhattisgarh Crimes : जांजगीर-चांपा जिले की शिवरीनारायण पुलिस ने ट्रांसफार्मर से कॉपर वायर चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने बिलासपुर क्षेत्र के छह शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 17 लाख 30 हजार रुपये मूल्य का चोरी का सामान बरामद किया गया है।
यह भी पढ़े :- साल में तीन बार स्वरूप बदलता है बेलदार सिवनी का शिवलिंग
चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए बोलेरो वाहन को एंबुलेंस के रूप में इस्तेमाल करते थे, ताकि किसी को उन पर शक न हो। (Chhattisgarh Crimes)
एंबुलेंस लिखी बोलेरो से देते थे वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य बेहद सुनियोजित तरीके से चोरी करता था। आरोपी पहले गांवों में लगे पुराने या खराब ट्रांसफार्मर और केबल वायर की रेकी करते थे। मोबाइल फोन से ट्रांसफार्मर और केबल की तस्वीरें खींचकर साथियों को भेजी जाती थीं।
इसके बाद रात के समय पिकअप वाहन और “एंबुलेंस” लिखा बोलेरो लेकर मौके पर पहुंचते और ट्रांसफार्मर से कॉपर वायर सहित अन्य सामान चोरी कर फरार हो जाते थे। एंबुलेंस लिखी गाड़ी होने के कारण ग्रामीणों और राहगीरों को किसी प्रकार का संदेह नहीं होता था।
कनिष्ठ यंत्री की शिकायत पर खुला मामला
इस पूरे मामले का खुलासा शिवरीनारायण थाना में कनिष्ठ यंत्री मनोज कुमार सोनी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के बाद हुआ। उन्होंने बताया कि ग्राम दुरपा में 13-14 जनवरी की रात ट्रांसफार्मर से करीब 230 किलो कॉपर वायर चोरी हुआ था।
इसके बाद 22 जनवरी को ग्राम लोहर्सी में भी लगभग 200 किलो कॉपर तार चोरी होने की घटना सामने आई।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच तेज की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। पूछताछ में आरोपियों ने कई वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की है। पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। (Chhattisgarh Crimes)



