Google Analytics —— Meta Pixel

Chhattisgarh : खेत उजड़े तो भड़के किसान, रातभर प्लांट घेरकर किया तांडव, पढ़े पूरी खबर

Chhattisgarh News : कोंडागांव जिले के कोकोड़ी गांव स्थित मां दंतेश्वरी मक्का प्रसंस्करण प्लांट में देर रात ग्रामीणों ने घुसकर जमकर हंगामा किया। आक्रोशित लोगों ने प्लांट परिसर में खड़ी कार, ट्रैक्टर समेत कई वाहनों में तोड़फोड़ की। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक 10 से 20 लाख रुपये तक के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

यह भी पढ़े :- 70 साल बाद भी अंधेरे में दो गांव, बलरामपुर के कंडा और पुतसु में बिजली का इंतजार

घटना की सूचना मिलते ही Chhattisgarh Police और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। एसपी और एसडीएम सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण कर स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया। एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, हालांकि गांव में अभी भी तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। (Chhattisgarh News)

अपशिष्ट जल से फसल खराब होने का आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि प्लांट से निकलने वाला तरल अपशिष्ट उनके खेतों तक पहुंच रहा है, जिससे फसलें खराब हो रही हैं। किसानों का कहना है कि वे लंबे समय से प्रशासन को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग कर रहे थे, लेकिन उनकी शिकायतों पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इसी नाराजगी में ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से प्लांट का घेराव कर दिया।

बताया जा रहा है कि रातभर ग्रामीणों ने प्लांट को चारों ओर से घेर रखा और बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी। एक वाहन चालक को जान बचाने के लिए जंगल में छिपकर रात बितानी पड़ी। हालात कुछ समय के लिए इतने बिगड़ गए कि पुलिस बल को भी पीछे हटना पड़ा।

प्रबंधन पर सवाल

ग्रामीणों ने प्लांट के एमडी विनोद खन्ना पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि नियमित निगरानी और शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई नहीं होने से समस्या गंभीर हुई। हालांकि, प्लांट प्रबंधन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

जांच शुरू, शांति की अपील

प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है और प्रदूषण संबंधी आरोपों की भी पड़ताल की जाएगी। अधिकारियों ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल कोकोड़ी गांव में स्थिति संवेदनशील बनी हुई है और प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है। (Chhattisgarh News)

Back to top button
error: Content is protected !!