Google Analytics —— Meta Pixel

उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का अलर्ट, अब तक 650.9 मिमी बारिश, अगले दो दिन भी बरसेंगे बदरा

Chhattisgarh Heavy Rain Alert: छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय बना हुआ है। प्रदेश के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटे के दौरान हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कुछ इलाकों में भारी बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने 10 अगस्त को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। उत्तर छत्तीसगढ़ में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है। प्रदेश में अब तक कुल 650.9 मिमी यानी करीब 25.6 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है। इस अवधि में सामान्य बारिश 686.6 मिमी यानी करीब 27 इंच होनी चाहिए थी। इस लिहाज से राज्य में बारिश सामान्य से करीब 5 फीसदी कम है। हालांकि मौसम विभाग की श्रेणी में प्रदेश की बारिश अभी सामान्य मानी जा रही है।

यह भी पढ़ें:- मुंगेली में भारी बारिश से पसरहा पारा बना टापू, 24 घंटे फंसे रहे 200 ग्रामीण, SDRF ने 10 घंटे में किया रेस्क्यू

पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज हुई। पथरिया में सबसे ज्यादा 160 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके बाद रायपुर सिटी में 120 मिमी, लोरमी में 110 मिमी, लभांडीह और लालपुर थाना क्षेत्र में 100-100 मिमी बारिश हुई। भाटापारा, मुंगेली और सिमगा में 90-90 मिमी, जबकि तखतपुर और बागबाहरा में 80-80 मिमी बारिश हुई। डोंगरगढ़, पोड़ी बचरा, करपावंड, माना रायपुर एयरपोर्ट, उसूर, सुहेला, छुरिया, सकरी, लोहंडीगुड़ा और रायपुर में करीब 70 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा कुरूद, कपु, कसडोल, वाड्राफनगर, भिलाई, बेलतरा और घरघोड़ा में करीब 60 मिमी बारिश हुई। प्रदेश में बारिश का वितरण एक जैसा नहीं है। कुछ जिलों में सामान्य से काफी कम बारिश हुई है। सरगुजा में अब तक 367.4 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 49 फीसदी कम है। (Chhattisgarh Heavy Rain Alert)

इन जिलों में सामान्य से ज्यादा गिरा पानी

जशपुर में 466.5 मिमी यानी 44 फीसदी कम, बेमेतरा में 389.1 मिमी यानी 38 फीसदी कम, कांकेर में 542.8 मिमी यानी 32 फीसदी कम और मनेंद्रगढ़-भरतपुर जिले में 536.5 मिमी यानी 20 फीसदी कम बारिश हुई है। दूसरी ओर कई जिलों में बारिश सामान्य से काफी ज्यादा हुई है। सारंगढ़-बिलाईगढ़ में अब तक 940.8 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 66 फीसदी ज्यादा है। नारायणपुर में 1032.8 मिमी यानी 41 फीसदी ज्यादा, बलौदाबाजार में 761 मिमी यानी 37 फीसदी ज्यादा, महासमुंद में 831.3 मिमी यानी 35 फीसदी ज्यादा और मुंगेली में 780.3 मिमी यानी 35 फीसदी ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। जांजगीर में भी 851.4 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 33 फीसदी ज्यादा है। गरियाबंद में 741.5 मिमी यानी 20 फीसदी ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है।

नारायणपुर में सबसे ज्यादा बारिश

जिलेवार आंकड़ों में सबसे ज्यादा बारिश नारायणपुर में 1032.8 मिमी दर्ज की गई है। वहीं सबसे कम बारिश सरगुजा में 367.4 मिमी हुई है। दोनों जिलों की बारिश के आंकड़ों में 665.4 मिमी का बड़ा अंतर है। रायपुर में अब तक 720.3 मिमी, बिलासपुर में 690.9 मिमी, धमतरी में 674.9 मिमी, दुर्ग में 555.1 मिमी, बस्तर में 587.5 मिमी और कोरबा में 656.8 मिमी बारिश दर्ज की गई है। लगातार बारिश के चलते महासमुंद जिले का कोडार डैम भी पूरी तरह भर चुका है। जल संसाधन विभाग की 9 अगस्त की रिपोर्ट के मुताबिक बांध का जलस्तर 295.62 मीटर पहुंच गया, जबकि इसका FRL यानी फुल रिजर्वायर लेवल 295.35 मीटर है। जलस्तर बढ़ने के बाद अब डैम से पानी छोड़ा जा रहा है। ऐसे में आसपास के इलाकों में जलस्तर और बढ़ने की संभावना को देखते हुए सतर्कता जरूरी है। राजधानी रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। शहर में एक-दो दौर की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। (Chhattisgarh Heavy Rain Alert)

अगले दो दिन कैसा रहेगा मौसम ?

मौसम विभाग के मुताबिक अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। पिछले 24 घंटे में रायपुर का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 22.4 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रह सकता है। कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका भी बनी हुई है। मौसम में यह सक्रियता एक निम्न दबाव क्षेत्र और उससे जुड़े चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से बनी हुई है। यह चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। इसके अलावा मानसून द्रोणिका भी निम्न दबाव क्षेत्र से होकर गुजर रही है। इन दोनों मौसमी सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां अगले कुछ दिनों तक बनी रहने की संभावना है। ऐसे में नदी-नालों, जलाशयों और निचले इलाकों के आसपास रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

Back to top button
error: Content is protected !!