Chhattisgarh : रात 3 बजे कुल्हाड़ी से पति की हत्या, पत्नी ने थाने में गढ़ी झूठी कहानी, फिर…
Chhattisgarh Crimes News : छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के पथरिया थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली हत्या का मामला सामने आया है। गंगद्वारी गांव में पत्नी ने कथित तौर पर पति की हत्या कर उसे अज्ञात हमलावरों का रूप देने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ की सेवा भावना को राष्ट्रीय सम्मान, बस्तर की बुधरी ताती और दंतेवाड़ा डॉक्टर दंपति को पद्मश्री
मृतक की पहचान आजूराम राजपूत (51) के रूप में हुई है। वह गांव का निवासी था। उसकी पहली पत्नी की कुछ वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी थी, जिसके बाद उसने रूजेश्वरी राजपूत (26) से दूसरी शादी की थी। दंपती का एक चार वर्षीय पुत्र भी है।
पति-पत्नी के बीच अक्सर होते थे विवाद
पुलिस जांच में सामने आया है कि शादी के शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य था, लेकिन समय के साथ दोनों के बीच छोटे-छोटे मुद्दों पर विवाद बढ़ने लगे। पड़ोसियों के अनुसार, पति-पत्नी के बीच आए दिन कहासुनी और झगड़े होते रहते थे। (Chhattisgarh Crimes News)
थाने में जाकर सुनाई झूठी कहानी
घटना के बाद 24 जनवरी को रूजेश्वरी थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई कि रात करीब 3 बजे कोई अज्ञात व्यक्ति घर में घुसा और उसके पति की हत्या कर फरार हो गया। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। प्रारंभ में मामला अज्ञात आरोपी के खिलाफ दर्ज कर जांच शुरू की गई।
हालांकि, पड़ोसियों के बयान और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को पत्नी पर संदेह हुआ। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने कथित रूप से हत्या करना स्वीकार कर लिया।
रात 3 बजे दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला ने बताया कि 23 जनवरी की रात आजूराम भोजन के बाद निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवास में गया था और देर रात घर लौटकर सो गया। तड़के करीब 3 बजे वह टॉयलेट जाने के लिए उठी। पुराने विवाद और कथित प्रताड़ना को याद कर उसने पति की हत्या करने का फैसला किया।
आरोप है कि उसने कुल्हाड़ी से सोते हुए पति के सिर, चेहरे, गले, सीने और पेट पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सबूत किए गए बरामद
हत्या के बाद आरोपी ने चोरी की झूठी कहानी गढ़कर पड़ोसियों और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। पुलिस ने उसके बयान के आधार पर खून से सनी साड़ी और वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर ली है।
आरोपी को गिरफ्तार कर 25 जनवरी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। (Chhattisgarh Crimes News)



