Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में तेजी से बढ़ रही धान खरीदी, ऑनलाइन टोकन सिस्टम से किसानों को राहत

Chhattisgarh Me Dhan Kharidi: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रदेश में धान खरीदी का महाभियान 01 नवम्बर से प्रारंभ है। यह अभियान 31 जनवरी 2023 तक चलेगा। बीते सात दिनों में राज्य में किसानों से समर्थन मूल्य पर 1 लाख 10 हजार 196 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। 7 नवम्बर को किसानों से 39 हजार 946 मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई। धान के एवज में किसानों को बैंक लिंकिंग व्यवस्था के तहत अब तक 295.65 करोड़ रुपये का भुगतान जारी कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें:- कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर आज किसानों और गौपालकों को सौगात देंगे CM भूपेश

खाद्य विभाग सचिव टोपेश्वर वर्मा ने बताया कि धान बेचने वाले किसानों को 16 हजार 589 टोकन जारी किए गए थे, जिसमें 1857 टोकन तुंहर हाथ एप द्वारा जारी किए गए थे। आगामी दिवस की खरीदी के लिए राज्य में धान उपार्जन के लिए 21,804 टोकन और तुंहर हाथ एप के जरिए 2,269 टोकन जारी किए गए हैं। राज्य में धान खरीदी निर्बाध रूप से जारी है। अधिकारी धान की व्यवस्था पर निरंतर निगरानी बनाए हुए हैं। धान खरीदी को लेकर कहीं से किसी भी प्रकार की शिकायत नहीं मिली है। (Chhattisgarh Me Dhan Kharidi)

 

खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस साल लगभग 110 लाख मीट्रिक धान का उपार्जन अनुमानित है। समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए राज्य में 25.92 लाख किसानों का पंजीयन हुआ है, जिसमें लगभग 1.86 लाख नए किसान है। राज्य में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए 2497 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। इस साल किसानों से सामान्य धान 2040 रूपए प्रति क्विंटल और ग्रेड-ए धान 2060 रूपए प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जा रहा है।

धान खरीदी के लिए बारदाने की व्यवस्था

धान खरीदी के लिए बारदाने की व्यवस्था कर ली गई है। धान खरीदी के लिए सभी समितियों में पर्याप्त बारदाने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उपार्जित धान की कस्टम मिलिंग के लिए मिलर्स का पंजीयन किया जा रहा है। राज्य में अवैध धान की आवक रोकने और संवेदनशील उपार्जन केन्द्रों पर निगरानी के लिए नोडल अधिकारी तैनात किए गए हैं। सीमावर्ती सोसायटियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। अन्य राज्यों से छत्तीसगढ़ में धान का अवैध परिवहन न हो, इसकी रोकथाम के लिए चेक पोस्ट भी बनाए गए हैं, जहां अधिकारियों की टीम माल वाहकों पर कड़ी निगरानी रख रही है। (Chhattisgarh Me Dhan Kharidi)

Back to top button
error: Content is protected !!