Chhattisgarh News : आधी रात स्कूल में “तांत्रिक तांडव”, ताले टूटे, फर्नीचर जला, बच्चे सहमे, पढ़े पूरी खबर
Chhattisgarh News : दुर्ग जिले के केलाबाड़ी स्थित एक शासकीय प्राथमिक एवं मिडिल स्कूल में हुई रहस्यमयी तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाओं ने बच्चों, अभिभावकों और शिक्षकों के बीच दहशत का माहौल बना दिया है। स्कूल परिसर में तंत्र-मंत्र जैसे निशान मिलने से लोगों में भय और आशंका बढ़ गई है।
यह भी पढ़े :- AI Impact Summit 2026 : AI की वैश्विक बिसात पर भारत का दबदबा: भारत मंडपम से मोदी का दुनिया को संदेश
जानकारी के अनुसार अज्ञात असामाजिक तत्वों ने स्कूल की बाउंड्री तोड़कर रात के समय परिसर में प्रवेश किया और जमकर तोड़फोड़ की। कक्षाओं के ताले तोड़ दिए गए, टेबल-कुर्सियों को आग के हवाले कर दिया गया तथा पंखे-लाइट सहित अन्य सामान क्षतिग्रस्त कर दिए गए। प्राथमिक स्कूल में रखे कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जलकर नष्ट हो गए। (Chhattisgarh News )
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले कक्षाओं के बाहर चुनरी, माला तथा गोबर-मिट्टी से बने संदिग्ध चिन्ह पाए गए थे, जिन्हें स्थानीय लोग तंत्र-मंत्र से जोड़कर देख रहे हैं। बाद में ऐसे ही निशान कक्षाओं के अंदर भी मिले। इस संबंध में शिक्षकों ने पूर्व में पुलिस को सूचना दी थी, लेकिन घटनाएं रुक नहीं सकीं।
स्कूल में बिजली के बोर्ड तोड़ दिए गए तथा बोरवेल की केबल भी जला दी गई, जिससे पेयजल और बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई है। इससे पहले इसी परिसर से जुड़े शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्राचार्य कक्ष के सामने कथित रूप से तांत्रिक क्रिया और पक्षी की बलि जैसी घटना भी सामने आ चुकी है।
केलाबाड़ी स्कूल परिसर में कक्षा पहली से आठवीं तक की पढ़ाई संचालित होती है। लगातार हो रही घटनाओं के कारण छोटे बच्चे स्कूल आने से डर रहे हैं, वहीं शिक्षक भी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। बाउंड्री टूट जाने से स्कूल बंद होने के बाद भी बाहरी लोग आसानी से अंदर प्रवेश कर लेते हैं।
स्कूल प्रबंधन ने कई बार पुलिस और जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में शिकायत की, लेकिन ठोस कार्रवाई न होने से नाराज शिक्षकों ने पुनः पद्मनाभपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के अनुसार आरोपियों की पहचान कर शीघ्र ही सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्कूल की सुरक्षा बढ़ाने के भी संकेत दिए हैं, ताकि छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो और परिसर में शांति बनी रहे। (Chhattisgarh News )



