Chhattisgarh Nikay Chunav 2026: निकाय-पंचायत चुनाव की उल्टी गिनती शुरू! 30 नवंबर के बाद कभी भी हो सकता है ऐलान
छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय और पंचायत उपचुनाव दिसंबर के अंतिम सप्ताह में होने की संभावना है। 30 नवंबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा। 417 नगरीय और 814 पंचायत पदों पर चुनाव होंगे।

Chhattisgarh Nikay Chunav 2026 : छत्तीसगढ़ में नगरीय निकायों और त्रि-स्तरीय पंचायतों के चुनाव एवं उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज होने लगी है। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से चुनाव कार्यक्रम जारी किए जाने का इंतजार किया जा रहा है। संभावना जताई जा रही है कि दिसंबर के अंतिम सप्ताह में मतदान कराया जा सकता है। इसके लिए दिसंबर के पहले सप्ताह में आचार संहिता लागू होने के आसार हैं। चुनावी तैयारियों के लिहाज से 30 नवंबर की तारीख बेहद अहम मानी जा रही है, क्योंकि इस दिन मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होना है। इसके बाद आयोग चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर सकता है।
इन चुनावों में भिलाई, भिलाई-चरोदा, रिसाली और बिरगांव जैसे प्रमुख नगर निगमों के साथ अन्य नगरीय निकायों में भी मतदाता अपने प्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे। वहीं, त्रि-स्तरीय पंचायतों के रिक्त पदों के लिए भी मतदान कराया जाएगा। (Chhattisgarh Nikay Chunav 2026)
दिसंबर के पहले सप्ताह में आचार संहिता के संकेत
चुनावी कार्यक्रम को लेकर दिसंबर का पहला सप्ताह राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण रहने वाला है। 30 नवंबर को अंतिम मतदाता सूची जारी होने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है। माना जा रहा है कि मतदान दिसंबर के अंतिम सप्ताह में कराया जा सकता है।
पिछले चुनावों के कार्यक्रम पर नजर डालें तो वर्ष 2021 में नवंबर के अंतिम सप्ताह में चुनावी कार्यक्रम जारी किया गया था और 20 दिसंबर को मतदान हुआ था। यानी अधिसूचना जारी होने और मतदान के बीच करीब 23 दिनों का अंतर रहा था। इसी समय-सीमा को देखते हुए इस बार भी दिसंबर में चुनावी प्रक्रिया पूरी होने की संभावना जताई जा रही है। (Chhattisgarh Nikay Chunav 2026)
चुनाव में देरी हुई तो निकायों में बैठाने पड़ सकते हैं प्रशासक
नगरीय निकाय चुनाव की तारीखों को लेकर देरी होने पर प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव की स्थिति बन सकती है। यदि निर्धारित समय पर चुनाव नहीं हुए तो संबंधित नगरीय निकायों में प्रशासक नियुक्त करने की नौबत आ सकती है। गौरतलब है कि वर्ष 2024 के निकाय चुनाव के दौरान भी प्रशासकों की नियुक्ति की गई थी।
इधर, संभावित चुनाव को देखते हुए राजनीतिक दलों ने भी अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। उम्मीदवारों के चयन, वार्डों में स्थानीय समीकरणों और मतदाताओं तक पहुंच बनाने को लेकर अंदरूनी स्तर पर रणनीति तैयार की जा रही है।
नगरीय निकायों में 417 पदों के लिए होगा चुनाव
राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक, नगरपालिका आम निर्वाचन के तहत कुल 417 पदों पर चुनाव कराया जाना है। इनमें चार नगर निगमों के महापौर पद शामिल हैं। इसके अलावा 13 नगरपालिका अध्यक्ष और 400 पार्षद पदों के लिए मतदान होगा।
वहीं, नगरीय निकायों के उपचुनाव में एक अध्यक्ष और छह पार्षद पदों के लिए भी चुनाव कराया जाएगा।
पंचायतों में 814 पदों पर होगा उपचुनाव
त्रि-स्तरीय पंचायतों में कुल 814 रिक्त पदों के लिए चुनाव प्रस्तावित हैं। इनमें जनपद पंचायत सदस्य का एक पद, सरपंच के 92 पद और पंच के 721 पद शामिल हैं। इन पदों के लिए चुनावी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्थानीय जनप्रतिनिधियों का चयन हो सकेगा।



