सट्टे में डूबे 70 लाख रुपये, आर्थिक तंगी से टूट गया परिवार का मुखिया; पत्नी और 3 बच्चों को जहर देकर खुद लगाई फांसी
रायपुर। राजधानी रायपुर के संजय नगर में करीब सात महीने पहले एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। टिकरापारा थाना क्षेत्र के मदनी चौक में हुई इस घटना की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) ने इसे सामूहिक हत्याकांड माना है। पुलिस जांच में सामने आया है कि परिवार का मुखिया साजिद अली सट्टे के कारोबार और आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा था। इसी तनाव में उसने कथित तौर पर पत्नी और तीन बच्चों को कीटनाशक देकर उनकी जान ले ली और बाद में खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस के मुताबिक, साजिद अली मोबाइल के जरिए गोलबाजार और डगनिया इलाके में सट्टा खिलाने का काम करता था। बैंक खातों की जांच में पिछले पांच वर्षों के दौरान करीब 70 लाख रुपये का लेनदेन सामने आया है। सट्टे का कारोबार बंद होने के बाद उसकी आर्थिक स्थिति बिगड़ती चली गई। पुलिस का मानना है कि आर्थिक तंगी और पारिवारिक परिस्थितियों ने उसे इस खौफनाक कदम की ओर धकेला।
बेटे को दो बार फोन कर घर बुलाया, साथ लाया था खाना और मिठाई
SIT की जांच में घटना वाले दिन की गतिविधियों को लेकर कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस के अनुसार, साजिद ने अपने बेटे इरशाद को दो बार फोन कर घर बुलाया था। वह अपने साथ मिठाई और खाना लेकर भी आया था। जांच में आशंका जताई गई है कि इसी खाने-पीने की सामग्री में कीटनाशक मिलाकर उसने पत्नी राबिया और तीन बच्चों को खिला दिया।
सीसीटीवी फुटेज में साजिद सुबह करीब 10 बजकर 18 मिनट पर आखिरी बार घर का दरवाजा बंद करते दिखाई दिया। इसके बाद घर के भीतर हुई घटनाओं की कड़ियां पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर जोड़ीं।
ढाई महीने पहले ही जताई थी जीने की इच्छा नहीं
पुलिस जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि घटना से करीब ढाई महीने पहले साजिद ने अपने एक परिचित से परिवार के साथ संबंध अच्छे नहीं होने और जीवन जीने की इच्छा खत्म होने की बात कही थी। पुलिस ने इस बयान को भी जांच में महत्वपूर्ण माना है।
करीब पांच महीने तक चली जांच के बाद टिकरापारा पुलिस ने साजिद अली के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। चूंकि इस घटना में आरोपी की भी मौत हो चुकी है, इसलिए पुलिस अब उपलब्ध साक्ष्यों और जांच दस्तावेजों के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।
17 जुलाई को एक ही मकान में मिले थे पांच शव
गौरतलब है कि 17 जुलाई को संजय नगर के मदनी चौक स्थित एक किराए के मकान से एक ही परिवार के पांच लोगों के शव बरामद हुए थे। मृतकों की पहचान साजिद अली (50), उसकी पत्नी राबिया और तीन बच्चों इरशाद अली, शाहिदा बेगम व इरशाबा परवीन के रूप में हुई थी।
घटनास्थल पर साजिद का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला था, जबकि पत्नी और तीन बच्चों के शव घर के भीतर संदिग्ध परिस्थितियों में मिले थे। शुरुआत में यह मामला पुलिस के लिए रहस्य बना हुआ था। अब SIT की जांच के बाद पुलिस ने इसे सामूहिक हत्याकांड मानते हुए साजिद को पत्नी और बच्चों की हत्या का आरोपी बनाया है।



