Google Analytics —— Meta Pixel

Chhattisgarh : हसदेव अरण्य क्षेत्र के कोल ब्लॉक में पेड़ कटाई का विरोध, पुलिस-ग्रामीणों के बीच हिंसक झड़प, कई घायल

Clashes Between Police and Villagers: छत्तीसगढ़ के सरगुजा से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है. बता दें कि यहां पर ग्रामीणों और पुलिस कर्मियों के बीच झड़प हो गई है, जिसमें 8 पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं, जबकि 10 से ज्यादा ग्रामीण घायल हो गए हैं, मिली जानकारी के अनुसार पता चला है कि परसा कोल ब्लॉक के लिए पेड़ों की कटाई की जा रही थी. सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण इसका विरोध कर रहे थे. इसी दौरान खूनी संघर्ष शुरू हो गया, घटना वाली जगह पर भारी पुलिस की तैनाती की गई है।

पेड़ों की कटाई के विरोध में हुई हिंसक झड़प

परसा कोल ब्लॉक के लिए पेड़ काटने के लिए 16 अक्टूबर की रात से ही पुलिस फोर्स फतेहपुर व हरिहरपुर के बीच तैनात कर दिया गया था। इसके साथ ही पेड़ों की कटाई का विरोध करने के लिए सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण एकजुट होकर पहुंचे थे। पुलिस फोर्स ने ग्रामीणों को हटाने की कोशिश की तो ग्रामीणों एवं पुलिस जवानों के बीच हिंसक झड़प हो गई।

हिंसक झड़प में दोनों पक्ष हुए घायल

पेड़ों की कटाई का विरोध कर रहे ग्रामीणों ने तीरों, डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। इस हमले में दो पुलिसकर्मियों को तीर लगा है एवं पत्थर लगने से अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए। वहीं पुलिस ने ग्रामीणों पर लाठियां भांजी। इस दौरान दर्जनभर से अधिक ग्रामीणों को चोटें आई हैं। एएसपी अमोलक सिंह ने बताया कि झड़प में घायल पुलिसकर्मियों को उदयपुर CHC में भर्ती किया गया है।

ग्रामीणों पर लाठीजार्च करने का आरोप

हसदेव बचाओ समिति ने पेड़ों की कटाई का विरोध करने वाले निहत्थे ग्रामीणों पर लाठीचार्ज करने का आरोप लगाया है। सरगुजा जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ पुलिस अधिकारी मौके पर तैनात हैं। पुलिस घेरे में पेड़ों की कटाई शुरू की गई है। परसा कोल ब्लॉक के लिए पहले चरण में 6000 पेड़ काटे जाने हैं। ((Clashes between police and villagers))

फर्जी प्रस्ताव बनाकर सहमति लेने का आरोप

परसा कोल ब्लॉक के लिए हरिहरपुर, साल्ही, फतेपुर की ग्राम सभाओं का फर्जी प्रस्ताव बनाकर सहमति लेने का आरोप लगा शिकायत राज्य अ.ज.जा आयोग में की गई है। शिकायत के अनुसार ग्राम सभा के प्रस्ताव में कई साल पहले मृत लोगों ने भी वर्ष 2018 के ग्रामसभा में हस्ताक्षर किया है। राज्य अजजा आयोग ने इसकी सुनवाई पूरी कर ली है। परसा कोल ब्लॉक के फर्जी प्रस्ताव की शिकायत राज्यपाल से भी वर्ष 2021 में 300 किलोमीटर की पदयात्रा निकालकर की गई थी। इसके जांच के आदेश राज्यपाल ने दिए थे। (Clashes between police and villagers)

राहुल गांधी ने उठाए सवाल

वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि हसदेव अरण्य में पुलिस बल के हिंसक प्रयोग से आदिवासियों के जंगल और ज़मीन के जबरन गबन का प्रयास आदिवासियों के मौलिक अधिकार का हनन है।

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार के दौरान विधानसभा में सर्वसम्मति से हसदेव के जंगल को न काटने का प्रस्ताव पारित हुआ था – ‘सर्वसम्मति’ मतलब विपक्ष यानी तत्कालीन भाजपा की भी सम्मिलित सहमति!

मगर, सरकार में आते ही न तो उन्हें यह प्रस्ताव याद रहा और न हसदेव के इन मूल निवासियों की पीड़ा और अधिकार।

‘बहुजन विरोधी भाजपा’ अपने और अपने मित्रों के स्वार्थ की खातिर आम नागरिकों और पर्यावरण को भयावह हानि पहुंचाने को तैयार है। आज देश भर के भाजपा शासित राज्यों में ऐसे ही हथकंडों और षड़यंत्रों से आदिवासी अधिकारों पर लगातार आक्रमण किए जा रहे हैं।

आदिवासी भाइयों और बहनों के जल, जंगल, ज़मीन की रक्षा कांग्रेस हर कीमत पर करेगी।

Back to top button
error: Content is protected !!