Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में 27 लाख 34 हजार नाम कटे, मतदाताओं की संख्या घटकर 1 करोड़ 84 लाख

Chhattisgarh SIR Update 2025: छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के तहत निर्वाचन आयोग ने ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी कर दी है, जिसके मुताबिक प्रदेश में कुल 27 लाख 34 हजार 817 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं। SIR से पहले कुल मतदाताओं की संख्या 2 करोड़ 12 लाख 30 हजार 737 थी, जो ड्राफ्ट रोल जारी होने के बाद घटकर 1 करोड़ 84 लाख 95 हजार 920 रह गई है। निर्वाचन आयोग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के घर-घर भौतिक सत्यापन के दौरान यह सामने आया कि 6 लाख 42 हजार 234 मतदाताओं की मौत हो चुकी है।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ बंद का दिख रहा असर, कांकेर कलेक्टर ने लोगों से कहा- अफवाहों से बचें, बिना पुष्टि सोशल मीडिया पर न करें फॉरवर्ड

वहीं 19 लाख 13 हजार 540 मतदाता ऐसे पाए गए, जो अपने पते से स्थायी रूप से शिफ्ट हो चुके हैं या सत्यापन के दौरान उपलब्ध नहीं मिले। इसके अलावा 1 लाख 79 हजार 43 मतदाता ऐसे पाए गए, जिनके नाम एक से ज्यादा जगहों पर दर्ज थे, जिसके चलते उनके नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। SIR प्रक्रिया के तहत कुल 1 करोड़ 84 लाख 95 हजार 920 मतदाताओं से एनरोलमेंट फॉर्म (EF) प्राप्त किए गए थे। 7 नवंबर से शुरू हुई यह प्रक्रिया लगभग 45 दिनों तक चली, जिसमें राज्यभर के हजारों बूथ लेवल अधिकारियों ने मतदाताओं का घर-घर जाकर सत्यापन किया। इसका उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना है।

ऐसे अपना नाम देख सकते हैं मतदाता

ड्राफ्ट वोटर लिस्ट को ऑनलाइन निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://election.cg.gov.in/ASDList/ पर देखा जा सकता है। इसके अलावा मतदाता voters.eci.gov.in, ceochhattisgarh.nic.in, ECINET मोबाइल ऐप के माध्यम से भी अपना नाम जांच सकते हैं। ऑफलाइन जांच के लिए संबंधित बूथ के बीएलओ या जिला निर्वाचन कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है। राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट्स के पास भी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट उपलब्ध कराई गई है।

मतदाता को खुद करनी पड़ेगी पहल

निर्वाचन आयोग ने कहा कि जिन मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में शामिल नहीं हैं, उन्हें आयोग की ओर से खुद कोई नोटिस नहीं भेजा जाएगा। अगर किसी मतदाता को लगता है कि उनका नाम गलती से छूट गया है तो उन्हें खुद पहल करनी होगी। ऐसे मतदाता फॉर्म-6 के साथ घोषणा पत्र (Declaration Form) जमा कर सकते हैं। जांच और सत्यापन के बाद संबंधित निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) नाम जोड़ने का निर्णय ले सकते हैं। (Chhattisgarh SIR Update 2025)

22 जनवरी 2026 तक दावा-आपत्ति करा सकते हैं दर्ज

दावा और आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया 23 दिसंबर 2025 से शुरू हो चुकी है, जो 22 जनवरी 2026 तक चलेगी। इसके बाद 23 दिसंबर 2025 से 14 फरवरी 2026 तक सुनवाई और वेरिफिकेशन की प्रक्रिया होगी। अंतिम मतदाता सूची 21 फरवरी 2026 को प्रकाशित की जाएगी। निर्वाचन आयोग के अनुसार अगर किसी मतदाता के दस्तावेज रिकॉर्ड से मेल नहीं खाते हैं तो ERO की ओर से नोटिस जारी किया जाएगा और पूरी जांच के बाद ही नाम जोड़ने या हटाने का फैसला लिया जाएगा। बिना सुनवाई के किसी भी मतदाता का नाम अंतिम सूची से नहीं हटाया जाएगा।

ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में अपना नाम अवश्य जांच लें

ERO के फैसले के खिलाफ जिला मजिस्ट्रेट और फिर मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) के पास अपील का प्रावधान भी रखा गया है। ड्राफ्ट और फाइनल वोटर लिस्ट के साथ-साथ दावा-आपत्ति से संबंधित सूचियां भी वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई हैं और इन्हें सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ साझा किया गया है। निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे समय रहते ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में अपना नाम अवश्य जांच लें और किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन कर दें, ताकि अंतिम मतदाता सूची में उनका नाम सुनिश्चित किया जा सके। (Chhattisgarh SIR Update 2025)

Back to top button
error: Content is protected !!