हरित विकास मॉडल पर आगे बढ़ रही चित्रोत्पला फिल्म सिटी, पर्यावरण संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता: छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड

Chhattisgarh Tourism Board: नवा रायपुर में फिल्म सिटी निर्माण स्थल पर जारी विरोध के बीच छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने परियोजना को लेकर स्पष्टीकरण दिया है। साथ ही कहा है कि प्रस्तावित फिल्म सिटी सिर्फ अधोसंरचना विकास की योजना नहीं है, बल्कि यह व्यापक हरित विकास मॉडल पर आधारित महत्वाकांक्षी पहल है। परियोजना की मूल प्राथमिकताओं में पर्यावरण संरक्षण, संतुलित वृक्षारोपण और क्षेत्रीय सौंदर्य संवर्धन को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। बोर्ड के मुताबिक जहां निर्माण कार्य प्रस्तावित है, सिर्फ उसी सीमित क्षेत्र में न्यूनतम आवश्यक संख्या में पेड़ों की कटाई की जा रही है। यह पूरी प्रक्रिया राज्य शासन के निर्धारित नियमों और सभी आवश्यक प्रशासनिक स्वीकृतियों के बाद ही की जा रही है। संबंधित प्रावधानों के तहत सक्षम अधिकारियों को विधिवत सूचना देकर ही कार्रवाई सुनिश्चित की गई है।
यह भी पढ़ें:- नवा रायपुर में प्रस्तावित चित्रोत्पला फिल्म सिटी पर सियासत तेज, 1500 पेड़ों की कटाई को लेकर कांग्रेस का चिपको आंदोलन
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि फिल्म सिटी परिसर को ग्रीन कैंपस कॉन्सेप्ट के अनुरूप विकसित किया जाएगा। इसके तहत बड़े पैमाने पर छोटे और बड़े पेड़ों का रोपण किया जाएगा। परिसर में आकर्षक सजावटी पौधे, विभिन्न प्रजातियों के फूलदार पौधे और हरित पट्टियां विकसित की जाएंगी, जिससे क्षेत्र का पर्यावरणीय संतुलन और ज्यादा सुदृढ़ होगा। इसके अलावा रेन वाटर हार्वेस्टिंग, प्राकृतिक जल निकासी व्यवस्था, हरित खुले क्षेत्र और जैव विविधता संरक्षण जैसे उपाय भी परियोजना का अभिन्न हिस्सा होंगे। बोर्ड का कहना है कि विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक पर्यावरणीय मानकों का पालन किया जा रहा है।
राज्य को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की पहल
प्रस्तावित चित्रोत्पला फिल्म सिटी को राज्य के पर्यटन और फिल्म निर्माण क्षेत्र में नई पहचान दिलाने वाली परियोजना बताया गया है। बोर्ड का मानना है कि इस पहल से छत्तीसगढ़ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फिल्म शूटिंग के प्रमुख गंतव्य के रूप में उभरेगा। परियोजना के माध्यम से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होने की संभावना जताई गई है। होटल, परिवहन, खानपान, हस्तशिल्प और अन्य सेवाओं से जुड़े व्यवसायों को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने और राज्य के राजस्व में वृद्धि होने की उम्मीद है। (Chhattisgarh Tourism Board)
संवाद और सहभागिता से आगे बढ़ने की प्रतिबद्धता
छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने यह भी आश्वस्त किया है कि परियोजना को आगे बढ़ाने में ग्रामीणों से संवाद और सहभागिता को प्राथमिकता दी जाएगी। बोर्ड ने दोहराया कि विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखते हुए ही सभी कार्य किए जाएंगे, ताकि यह परियोजना सामूहिक सहयोग से एक आदर्श मॉडल के रूप में स्थापित हो सके। बोर्ड के मुताबिक फिल्म सिटी सिर्फ एक निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के सांस्कृतिक, आर्थिक और पर्यटन विकास की दिशा में एक दूरदर्शी कदम है, जो हरित विकास और समावेशी प्रगति के सिद्धांतों पर आधारित है। (Chhattisgarh Tourism Board)



