छत्तीसगढ़ में वोटर लिस्ट अपडेट, जानिए जिलेवार आंकड़े, नाम जोड़ने-सुधार का मौका अब भी उपलब्ध
Chhattisgarh Voter List: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान चार महीने तक चलने के बाद पूरा हो गया है। 21 फरवरी 2026 को राज्य की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। यह अभियान 27 अक्टूबर 2025 से शुरू हुआ था। इस दौरान मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और सुधार से जुड़े दावे और आपत्तियां 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक लिए गए। सभी आवेदनों का निपटारा 14 फरवरी 2026 तक कर लिया गया। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार ने इस अभियान में सहयोग के लिए राज्य के नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
यह भी पढ़ें:- माँ के आशीर्वाद से शुरू हुआ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का 62वाँ जन्मोत्सव
इस अभियान को समय पर पूरा करने के लिए पूरे राज्य में 33 जिला निर्वाचन अधिकारी, 90 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO), 1990 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (AERO), 27,196 बूथ लेवल अधिकारी (BLO), 38,846 बूथ लेवल एजेंट (BLA) समेत हजारों कर्मचारियों और स्वयंसेवकों ने काम किया। राजनीतिक दलों, मीडिया और आम मतदाताओं का भी सहयोग मिला। छत्तीसगढ़ में अभियान से पहले कुल 2 करोड़ 12 लाख 30 हजार 737 मतदाता थे। इनमें से 1 करोड़ 84 लाख 95 हजार 920 मतदाताओं के फॉर्म प्राप्त हुए और उनका पूरा डिजिटलीकरण किया गया। BLO की ओर से घर-घर जाकर सर्वे किया गया। इसमें मृत मतदाता, स्थायी रूप से स्थानांतरित लोग और दो जगह पंजीकृत मतदाता की पहचान की गई। (Chhattisgarh Voter List)

मतदाताओं की संख्या में बदलाव
- प्रारूप सूची से पहले: 2 करोड़ 12लाख 30 हजार 737
- प्रारूप सूची प्रकाशन के बाद: 1 करोड़ 84 लाख 95 हजार 920
- अंतिम प्रकाशन के बाद: 1 करोड़ 87 लाख 30 हजार 914
अंतिम सूची में ड्राफ्ट के बाद 2 लाख 34 हजार 994 मतदाताओं की बढ़ोतरी हुई। अभियान के दौरान जिन मतदाताओं के फॉर्म वापस नहीं आए, उनकी पुष्टि के लिए BLO और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठकें हुईं। संबंधित सूचियां जिला स्तर पर और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी की वेबसाइट पर भी जारी की गईं। सोशल मीडिया, प्रेस नोट और जागरूकता वीडियो के माध्यम से लोगों को लगातार जानकारी दी गई। हर शिकायत का व्यक्तिगत रूप से समाधान किया गया। अंतिम मतदाता सूची कई माध्यमों से देखी जा सकती है।
कहां देखें अपनी मतदाता जानकारी ?
- मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ की वेबसाइट
- वोटर पोर्टल
- ECINET ऐप
- BLO के माध्यम से
- जिला निर्वाचन अधिकारी/ERO/AERO कार्यालय में
अगर नाम नहीं है या गलती है तो क्या करें ?
- नाम जोड़ने के लिए: फॉर्म 6 भरें, घोषणा पत्र और जरूरी दस्तावेज संलग्न करें।
- जानकारी में सुधार के लिए: फॉर्म 8 भरकर ऑनलाइन या ऑफलाइन आवेदन करें।
इस विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो। निर्वाचन अधिकारियों, कर्मचारियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मेहनत से यह अभियान सफलतापूर्वक पूरा हुआ। निर्वाचन आयोग ने अपील की है कि सभी मतदाता अपनी जानकारी अवश्य जांच लें और किसी भी त्रुटि की स्थिति में समय रहते सुधार कराएं। आयोग का कहना है कि पारदर्शी और शुद्ध मतदाता सूची ही लोकतंत्र की मजबूती की आधारशिला है। (Chhattisgarh Voter List)



