तेल नहीं, अब चिप तय करेगी ताकत, भारत के पास रुकने का समय नहीं: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

PM Modi on Chip: उत्तर प्रदेश के जेवर में इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड के सेमीकंडक्टर OSAT संयंत्र का शिलान्यास हुआ, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव, जितिन प्रसाद मौजूद रहे। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी वर्चुअली शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि सेमीकंडक्टर फैसिलिटी की स्थापना टेक्नोलॉजी में आत्मनिर्भरता की दिशा में एक कदम है। इससे ग्लोबल चिप इकोसिस्टम में भारत की मौजूदगी बढ़ेगी। आज भारत विकसित होने के लक्ष्य पर बहुत तेजी से काम कर रहा है और मैंने लाल किले से भी कहा है, भारत के पास रुकने का, थमने का समय नहीं है। साल 2026 की शुरूआत से ही भारत ने अपनी कदम ताल और तेज कर दी है।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में वोटर लिस्ट अपडेट, जानिए जिलेवार आंकड़े, नाम जोड़ने-सुधार का मौका अब भी उपलब्ध
PM मोदी ने कहा कि हम सबके लिए यह गर्व की बात है कि उत्तर प्रदेश भारत के सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम का एक बड़ा सेंटर बनने जा रहा है। HCL और Foxconn की नई फैक्ट्री टेक्नोलॉजी पावरहाउस के रूप में यूपी की नई पहचान को और सशक्त करेगी। ये दशक भारत का टेकडे है। ग्रीन एनर्जी से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तक इस दशक में भारत टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में जो कुछ कर रहा है, वो 21वीं सदी के हमारे सामर्थ्य का आधार बनेगा। बीते 11 सालों में भारत ने बार-बार दिखाया है कि हम जो ठानते हैं, वो हासिल करके ही रहते हैं। इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग में भी इसके एक नहीं, अनेक उदाहरण हैं। 12 जनवरी को विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग से लाखों युवा जुड़े, 16 जनवरी को हमने नेशनल स्टार्टअप डे मनाया। जनवरी में ही हुई इंडिया एनर्जी समिट में भारत ने अपने सामर्थ्य से दुनिया का ध्यान खींचा।

उन्होंने कहा कि फिर विकसित भारत को गति देने वाला बजट आया और अब ये सप्ताह भी भारत के लिए ऐतिहासिक सिद्ध हो रहा है। ग्लोबल AI इम्पैक्ट समिट में दुनिया के अनेक देशों के राष्ट्राध्यक्ष, प्रौद्योगिकी जगत के दिग्गज, सभी दिल्ली में जुटे थे। इस समिट में AI में दुनिया ने हमारे विजन को देखा, भारत के AI सामर्थ्य को देखा और सराहा। ये समिट कल ही समाप्त हुई है और अब हम यहां भारत के सेमिकंडक्टर इको सिस्टम से जुड़े इतने बड़े कार्यक्रम का हिस्सा बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक विश्व को चलाने के लिए जिस प्रसंस्करण शक्ति की आवश्यकता है, उसमें भी भारत अब दुनिया के टॉप देशों के साथ आने का प्रयास कर रहा है। यानी भारत सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर, दोनों पहलुओं पर एक साथ काम कर रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि हम सभी के लिए ये गर्व की बात है कि उत्तर प्रदेश भी भारत के सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम का बड़ा केंद्र बनने जा रहा है। ये ‘डेकेड’ भारत का ‘टेकेड’ है। इस दशक में भारत प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में जो कुछ भी कर रहा है वो 21वीं सदी के हमारे सामर्थ्य का आधार बनेगा। मानवता का भविष्य तय करने वाली हर प्रौद्योगिकी में भारत आज अभूतपूर्व निवेश कर रहा है। भारत में सशक्त सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम का विकास भी इसका उत्तम उदाहरण है। सेमीकंडक्टर सेक्टर में भारत ने अपना सफर भले ही देरी से शुरू किया हो लेकिन आज हम बहुत तेज गति से आगे बढ़ रहे हैं। (PM Modi on Chip)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सभी जानते हैं, 20वीं सदी में जिस देश के पास तेल था, वहां समृद्धि और सामर्थ्य दोनों आया। 21वीं सदी में यही सामर्थ्य छोटी सी चिप के पास है। उससे जुड़ी स्किल और मेटेरियल में है। कोरोना महामारी के दौरान हमने देखा है कि छोटी सी चिप की सप्लाई चेन कितनी कम रही है। इस दौरान चिप की सप्लाई पर ब्रेक क्या लगा, दुनिया में फैक्ट्रियां रुक गईं, अर्थव्यवस्थाएं चरमराने लगीं। भारत ने उस संकट से भी सीखा और उसे अवसर में बदलने का प्रयास शुरू किया। हमने तय किया कि भारत को चिप मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना है। आज का ये कार्यक्रम इसी विजन का प्रतिबिंब है।
CM योगी ने प्रधानमंत्री का जताया आभार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हम प्रधानमंत्री के आभारी हैं, जिन्होंने देश को उभरती प्रौद्योगिकी के हब के तौर पर स्थापित किया है। पिछले 4 दिनों से पूरे देश, दुनिया और 10 लाख से ज्यादा लोगों ने AI इम्पैक्ट समिट में सीधे हिस्सा लिया है और उत्तर प्रदेश के लोगों की तरफ से हम भारत के भविष्य को उज्ज्वल बनाने के लिए उनके दिए गए विजन के लिए आभारी हैं। मुझे लगता है कि 21वीं सदी की अर्थव्यवस्था, विकास चिप टेक्नोलॉजी पर निर्भर है, अगर हम किसी के नेतृत्व में वह विजन देख रहे हैं तो वह दूरदर्शी प्रधानमंत्री मोदी हैं। (PM Modi on Chip)



