अर्नब के बाद मुरासु तूफान से फिर बदलेगा छत्तीसगढ़ का मौसम, 9 जिलों में येलो अलर्ट जारी
Chhattisgarh Weather Update: छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान अर्नब के बाद अब एक और चक्रवाती तूफान मुरासु का असर देखने को मिल सकता है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय इस तूफान के चलते प्रदेश के मौसम में एक बार फिर बड़ा बदलाव होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 2 से 4 नवंबर तक प्रदेश के अलग-अलग जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। 2 नवंबर को कांकेर और धमतरी समेत प्रदेश के 9 जिलों में येलो अलर्ट है। वहीं 3 और 4 नवंबर को बस्तर संभाग के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़ें:- Mahadev Betting App Case: महादेव सट्टा ऐप के मास्टरमाइंड सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत लाई CBI, अब रायपुर कोर्ट में होगी पेशी
बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान मुरासु सक्रिय है। मौसम विभाग के मुताबिक इसके 2 नवंबर की सुबह तक गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना जताई गई है। तूफान के 2 नवंबर की रात से 3 नवंबर की सुबह के बीच दक्षिणी आंध्र प्रदेश के तट से टकराने का अनुमान है। इसके नेल्लोर और नरसापुर के बीच तट पर पहुंचने की संभावना जताई गई है। तूफान के दौरान हवा की रफ्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर इसकी गति 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। हालांकि इसका सीधा असर आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में देखने को मिल सकता है, लेकिन इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ के मौसम में भी बदलाव की संभावना है। मौसम विभाग ने 2 नवंबर को बस्तर संभाग के बस्तर, दंतेवाड़ा, बीजापुर, सुकमा, नारायणपुर और कोंडागांव के साथ कांकेर, धमतरी और गरियाबंद में येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की आशंका है। सुकमा में भारी बारिश की चेतावनी भी दी गई है। (Chhattisgarh Weather Update)
3 नवंबर को 15 जिलों में येलो, बस्तर संभाग में ऑरेंज अलर्ट
3 नवंबर को मौसम का असर और बढ़ सकता है। मौसम विभाग ने रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बालोद, धमतरी, गरियाबंद, कांकेर, महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़, रायगढ़ और जशपुर में येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में गरज-चमक, बिजली गिरने और कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना है। वहीं बस्तर संभाग के बस्तर, कोंडागांव, नारायणपुर, बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट की चेतावनी दी गई है। इन इलाकों में तेज बारिश के साथ मौसम खराब रह सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक 4 नवंबर को भी बस्तर संभाग के 6 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान भारी बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। रायपुर और दुर्ग संभाग के कुछ जिलों में भी मौसम बदल सकता है। ऐसे में अगले तीन दिन प्रदेश के कई इलाकों के लिए मौसम के लिहाज से महत्वपूर्ण रहने वाले हैं।
रायपुर में बादल, बारिश और अंधड़ के आसार
राजधानी रायपुर में सोमवार सुबह हल्के बादल छाए रहे। बीच-बीच में धूप भी निकलती रही। मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी में दिनभर बादल छाए रहने के साथ बारिश, गरज-चमक और अंधड़ चलने की संभावना है। रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 से 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक रविवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान के आंकड़ों में पेंड्रा रोड में 16.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बलरामपुर में सबसे ज्यादा 50 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि ओरछा में 10 मिलीमीटर बारिश हुई। मौसम में बदलाव के बीच प्रदेश के अलग-अलग शहरों के तापमान में भी अंतर देखने को मिला। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में बारिश और बादलों की वजह से तापमान में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। (Chhattisgarh Weather Update)



