छत्तीसगढ़ की बेटी आकांक्षा ने बढ़ाया प्रदेश का गौरव, मुख्यमंत्री साय ने किया सम्मानित
मुख्यमंत्री बोले - राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध

रायपुर। वर्ल्ड कप विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम की फिजियोथेरेपिस्ट और छत्तीसगढ़ की बेटी आकांक्षा सत्यवंशी ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य मुलाकात कर अपनी सफलता की खुशी साझा की। मुख्यमंत्री ने आकांक्षा को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “आपकी सफलता पूरे छत्तीसगढ़ की सफलता है। महिला क्रिकेट टीम के वर्ल्ड कप अभियान में छत्तीसगढ़ की बेटी के शामिल होने से प्रदेशवासियों को यह महसूस हुआ कि हम सभी इस जीत में सहभागी हैं।”
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ में जैव ईंधन के उत्पादन में 3,500 करोड़ रुपये का निवेश
मुख्यमंत्री ने आकांक्षा को मेडल पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल, शिक्षा और कौशल विकास के अवसरों के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने घोषणा की कि खेल अलंकरण सम्मान को पुनः प्रारंभ किया जाएगा तथा ओलंपिक में भाग लेने वाले और पदक विजेताओं को विशेष प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘बस्तर ओलंपिक’ जैसे आयोजन प्रदेश की ग्रामीण व जनजातीय खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर रहे हैं।
आकांक्षा सत्यवंशी ने मुख्यमंत्री से बातचीत में कहा कि “छत्तीसगढ़ मेरी जन्मभूमि और कर्मभूमि है। यहीं की मिट्टी, शिक्षा और संस्कारों ने मुझे यह मुकाम हासिल करने की ताकत दी है।” उन्होंने बताया कि मैदान में सक्रिय खिलाड़ी न होते हुए भी उन्होंने टीम की मानसिक और शारीरिक फिटनेस को बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाई। “मैं अपनी टीम के साथ चट्टान की तरह खड़ी रही और यह मेरे लिए गर्व की बात है कि मैं इस ऐतिहासिक जीत का हिस्सा रही।”
आकांक्षा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ महिला क्रिकेट टीम की मुलाकात का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री हमेशा कहते हैं कि खेल जीवनशैली का हिस्सा होना चाहिए, जो सभी के लिए प्रेरणादायक है। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को भारतीय महिला टीम की जर्सी भेंट की।
मुख्यमंत्री साय ने उनकी उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि आकांक्षा जैसी बेटियाँ छत्तीसगढ़ का गौरव हैं। उन्होंने आकांक्षा को 10 लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान करने की घोषणा की।
संक्षिप्त परिचय :
दुर्ग में जन्मी आकांक्षा सत्यवंशी का पैतृक गांव कवर्धा है और उनका परिवार रायपुर में निवासरत है। उन्होंने फिजियोथेरेपी में स्नातक की पढ़ाई छत्तीसगढ़ से तथा मास्टर्स डिग्री कटक से प्राप्त की। वर्ष 2019 में उन्होंने छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट टीम के साथ अपने करियर की शुरुआत की और वर्ष 2022 में भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम के साथ वर्ल्ड कप अभियान में शामिल हुईं। अपनी मेहनत, प्रोफेशनलिज़्म और समर्पण से उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान बनाई है।



