खेलते-खेलते मौत के मुंह में समाया मासूम, कुएं में डूबने से 4 साल के बच्चे की मौत

Child Died From Drowning: कोरबा जिले में एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ है, जहां दोस्तों के साथ कुएं में नहाने गया चार साल का मासूम डूब गया। जब तक परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, तब तक बच्चे की मौत हो चुकी थी। मामला मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत दादरखुर्द गांव का है, जहां प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनी नई हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के सामने स्थित एक कुएं में यह हादसा हुआ।
यह भी पढ़ें:- निर्माणाधीन आंगनबाड़ी का छज्जा गिरने से छठवीं के छात्र की मौत, प्रधान पाठक निलंबित
मृतक की पहचान प्रशांत यादव के रूप में हुई है। उसके पिता सावन यादव पेशे से राजमिस्त्री हैं, जो अपनी पत्नी प्रतिमा यादव के साथ काम पर गए हुए थे। वहीं प्रशांत की बहन प्रभा यादव स्कूल गई हुई थी। घर पर अकेला होने के कारण प्रशांत बस्ती के कुछ बच्चों के साथ खेलने निकल गया। दोपहर के समय खेलते-खेलते सभी बच्चे बस्ती से लगे दादर PM आवास के सामने स्थित कुएं में नहाने चले गए। बताया जा रहा है कि इस कुएं की गहराई करीब 9 फीट है। कुछ बच्चे कुएं में उतरकर नहाने लगे, उन्हें देखकर प्रशांत भी नहाने के लिए उतर गया।
डूबता देख डरकर भागे बच्चे
नहाने के दौरान प्रशांत पानी में संतुलन नहीं बना पाया और डूबने लगा। उसे डूबता देख बाकी बच्चे डर गए और कुएं से बाहर निकलकर भाग खड़े हुए। बच्चों ने बस्ती पहुंचकर परिजनों और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण और परिजन आनन-फानन में कुएं के पास पहुंचे और प्रशांत को बाहर निकाला। उसे जिंदा समझकर पेट दबाकर मुंह से पानी निकालने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक उसकी सांसे थम चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही प्रशांत के माता-पिता भी मौके पर पहुंचे। (Child Died From Drowning)

मासूम का शव देख मां फूट-फूटकर रोने लगी और शव से लिपट गई। यह दृश्य देख वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह कुआं बस्ती के लोगों के नहाने के लिए उपयोग किया जाता है। प्रशांत पहले भी अपनी दादी के साथ इस कुएं में नहाने आ चुका था। घटना की सूचना पर मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला डूबने से मौत का है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।



