CG Board 12वीं हिंदी पेपर लीक का दावा, WhatsApp पर रात में वायरल हुए सवाल

CG Board : छत्तीसगढ़ में 12वीं बोर्ड की हिंदी परीक्षा को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। दावा किया जा रहा है कि परीक्षा से पहले ही हिंदी का प्रश्नपत्र सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुपों में वायरल हो गया था। इस मामले को लेकर छात्र संगठन National Students’ Union of India (NSUI) ने गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
यह भी पढ़े :- होला मोहल्ला में शामिल हुए सीएम विष्णु देव साय, गढ़फुलझर को पर्यटन केंद्र बनाने की घोषणा
जानकारी के अनुसार 13 मार्च की रात सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें और सवाल तेजी से शेयर होने लगे। आरोप है कि ये वही सवाल हैं जो अगले दिन 14 मार्च को आयोजित हिंदी बोर्ड परीक्षा में पूछे गए। इस दावे के बाद परीक्षा व्यवस्था की गोपनीयता और सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं।

बताया जा रहा है कि 13 मार्च की रात करीब 2 बजकर 41 मिनट पर “जीनियस एकेडमी ऑनलाइन” नाम के एक व्हाट्सएप चैनल पर एक महिला ने दो पन्नों में लिखे हुए करीब 15 सवाल साझा किए। इसके करीब तीन मिनट बाद यानी 2 बजकर 44 मिनट पर उसी महिला ने एक और मैसेज करते हुए लिखा— “इसे भी देख लेना”। (CG Board)
अब दावा किया जा रहा है कि इन दोनों पन्नों में लिखे गए सवाल अगले दिन हुई हिंदी परीक्षा के प्रश्नपत्र से काफी हद तक मिलते-जुलते हैं। यहां तक कि कई सवालों का क्रम भी वही बताया जा रहा है। इस पूरे मामले को सबसे पहले सोशल मीडिया पर NSUI के छात्र नेता Puneshwar Lahare ने अपने पेज पर पोस्ट कर सामने लाया।
पुनेश्वर लहरे ने एक वीडियो जारी कर Chhattisgarh Board of Secondary Education (CGBSE) की गोपनीयता और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र का सोशल मीडिया पर वायरल होना बेहद गंभीर मामला है और इसकी निष्पक्ष जांच जरूरी है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस मामले में जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो छात्र संगठन आंदोलन करेगा। इसी कड़ी में सोमवार को NSUI की ओर से छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल कार्यालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन करने की बात भी कही गई है।
फिलहाल इस मामले को लेकर शिक्षा मंडल की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है। (CG Board)



