एकलव्य स्कूल में 10वीं के छात्र की मौत, कमरे में मिला शव

बालोद। जिले के डौंडी स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में कक्षा 10वीं के छात्र की मौत से हड़कंप मच गया। गुरुवार को छात्र का शव विद्यालय के कमरा नंबर 16 में मिला। मृतक की पहचान विनय कुमार, पिता कामता राम, निवासी ग्राम रीवागहन खेरथा के रूप में हुई है।
पीटी में नहीं गया था छात्र
जानकारी के अनुसार, विनय गुरुवार सुबह आयोजित पीटी में शामिल नहीं हुआ था। पीटी के बाद जब अन्य छात्र वापस कमरे में पहुंचे तो विनय को मृत अवस्था में देखा। इसकी सूचना तत्काल विद्यालय प्रबंधन को दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस और सहायक आयुक्त पहुंचे विद्यालय
सूचना मिलने पर डौंडी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। वहीं, मामले की जानकारी मिलने के बाद सहायक आयुक्त भी विद्यालय पहुंचे और प्रबंधन से घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
मौत की वजह स्पष्ट नहीं, जांच जारी
फिलहाल छात्र की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस छात्र के साथियों, विद्यालय प्रबंधन और अन्य संबंधित लोगों से जानकारी जुटा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
यह भी पढ़े :- एनआईटी रायपुर में हिमालय दिवस–2026 का आयोजन



