एनआईटी रायपुर में हिमालय दिवस–2026 का आयोजन
एनआईटी रायपुर के एप्लाइड जियोलॉजी विभाग द्वारा 9 सितंबर 2026 को “हिमालय है तो हम हैं” विषय पर हिमालय दिवस–2026 का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय (MoEFCC) के राष्ट्रीय हिमालयी अध्ययन मिशन (NMHS) के सहयोग से तथा L&P, लेह, लद्दाख और पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के साथ संयुक्त रूप से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (GSI), रायपुर, छत्तीसगढ़ के उप महानिदेशक श्री अमित धारवाडकर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एनआईटी रायपुर के निदेशक (प्रभारी) प्रो. समीर बाजपेयी ने की। इसके अतिरिक्त डॉ. रंजन कुमार रे, क्षेत्रीय निदेशक, आरजीआई, केंद्रीय भूजल बोर्ड (CGWB), जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार तथा डॉ. बी. आर. लामसोगे, क्षेत्रीय निदेशक, एनसीसीआर, केंद्रीय भूजल बोर्ड (CGWB), जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में एनआईटी रायपुर के मुख्य सतर्कता अधिकारी (CVO) डॉ. प्रभात दीवान, एप्लाइड जियोलॉजी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. नीरज विश्वकर्मा, आईटी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. सुधाकर पांडेय, संकाय सदस्य, अधिकारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संयोजन डॉ. डी. सी. झारिया द्वारा किया गया तथा डॉ. मृदु साहू, डॉ. चंदन के. सिंह और डॉ. विकास के. विद्यार्थी ने कार्यक्रम का समन्वय किया।
अतिथियों के औपचारिक स्वागत के बाद हिमालय, उसके महत्व तथा वैश्विक तापमान वृद्धि के प्रभावों पर एक वीडियो प्रस्तुति दी गई। इसके पश्चात एनआईटी रायपुर के रागा क्लब द्वारा मनमोहक संगीतमय प्रस्तुति दी गई।
स्वागत संबोधन में डॉ. मृदु साहू ने पूरे आयोजन का संक्षिप्त परिचय प्रस्तुत करते हुए विद्यार्थियों के लिए आयोजित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। इनमें क्विज प्रतियोगिता, पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता तथा नवाचारपूर्ण विचारों की प्रस्तुति शामिल रही। डॉ. नीरज विश्वकर्मा ने हिमालय के भूवैज्ञानिक महत्व एवं उसके निर्माण की प्रक्रिया पर प्रकाश डाला। उन्होंने हिमालय के संरक्षण के लिए वैज्ञानिक जागरूकता बढ़ाने तथा सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया। डॉ. सुधाकर पांडेय ने केवल जागरूकता तक सीमित न रहते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए मापनीय एवं ठोस कार्य किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने तेजी से हो रहे शहरीकरण के पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रभावों पर भी प्रकाश डाला।
मुख्य अतिथि अमित धारवाडकर, ने भारतीय उपमहाद्वीप के लिए हिमालय के प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने ट्रांस-हिमालयी क्षेत्र में अपने कार्य अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि विकास की प्रक्रिया ऐसी होनी चाहिए, जिससे पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। उन्होंने सतत विकास की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया।
एनआईटी रायपुर के निदेशक (प्रभारी) प्रो. समीर बाजपेयी ने भारत की जलवायु, पारिस्थितिकी और मानव सभ्यता को आकार देने में हिमालय की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने मानवजनित गतिविधियों, औद्योगिक विकास और जलवायु परिवर्तन के कारण हिमालयी पारिस्थितिकी तंत्र पर पड़ रहे प्रभावों पर चर्चा की। उन्होंने विकास की योजनाओं में वैज्ञानिक विशेषज्ञता को शामिल करने तथा पर्यावरणीय क्षति को कम करने वाली कार्यप्रणालियों को अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया।
उद्घाटन कार्यक्रम का समापन डॉ. डी. सी. झारिया द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने सभी अतिथियों, संकाय सदस्यों, अधिकारियों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया और हिमालय के संरक्षण के लिए जागरूकता को ठोस एवं प्रभावी कार्यों में परिवर्तित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उद्घाटन समारोह के सफल आयोजन के बाद विशेषज्ञ वक्ता सत्रों का योजन किया गया, जिसमे विभिन्न विषय विशेषज्ञों ने हिमालय से समबन्धित विचार और जानकारियां सभी के साथ साझा की | इसके साथ विद्याथियों के लिए हिमालय से जुडी विन्भिन्न गतिविधयों जैसे क्विज प्रतियोगिता, पोस्टर प्रतियोगिता और आईडियाथान का आयोजन किया गया | इन कार्यक्रमों में संस्थान के विद्यार्थियों के साथ साथ संस्थान के बाहर दुसरे शैक्षणिक संस्थानों से आए विद्याथियों ने उत्साह के साथ भाग लिया |
समापन समारोह में डॉ. आलोक साहू, निदेशक, CIPET, रायपुर; डॉ. प्रशांत कविस्वर, महानिदेशक, CCOST, छत्तीसगढ़; तथा प्रो. (डॉ.) नरेंद्र डी. लोंढे, कुलसचिव,एन आई टी रायपुर की गरिमामयी उपस्थिति रही।
डॉ नरेन्द्र डी लोंढे ने सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि हिमालय श्रृंखला के लिए किए जा रहे संस्थान के प्रयास सराहनीय है | डॉ आलोक साहू ने इस कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी को शुभकामनाएं दी और कहा कि ऐसे कार्यक्रम प्रदूषण के खिलाफ जागरूकता फैलाने में सहायक सिद्ध होते हैं |
समापन समारोह के दौरान समारोह के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं एवं प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। इन प्रतियोगिताओं में पोस्टर मेकिंग, क्विज़ तथा इनोवेटिव आइडियाज़ प्रतियोगिताएँ शामिल थीं। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में महक शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि ख्याति सोम ने द्वितीय स्थान तथा स्निग्धा और विशाल घोष ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
क्विज़ प्रतियोगिता में अनिकेत चौबे एवं अनन्या अरुंधति महंती ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि राहुल यादव द्वितीय स्थान पर रहे। इनोवेटिव आइडियाज़ प्रतियोगिता में भारती मिश्रा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रीतिकांत साहू ने द्वितीय तथा ऋषभ गुप्ता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।



