Chhattisgarh News: कक्षा 4वीं अंग्रेजी प्रश्नपत्र विवाद: ‘राम’ विकल्प से धार्मिक भावनाएं आहत, शिक्षिका निलंबित; पेपर मॉडरेटर पर सेवा से पृथक करने की कार्रवाई

रायपुर। शिक्षा सत्र 2025-26 में आयोजित अर्धवार्षिक परीक्षा के दौरान कक्षा 4वीं के अंग्रेजी प्रश्न पत्र में शामिल एक बहुविकल्पीय प्रश्न को लेकर विवाद सामने आया है। प्रश्न में “मोना के कुत्ते का नाम क्या है?” पूछते हुए उत्तर के लिए चार विकल्प दिए गए थे, जिनमें शेरू के साथ “राम” नाम का विकल्प भी शामिल था।
यह भी पढ़े :- कोहरे की चादर में लिपटा छत्तीसगढ़, मौसम विभाग ने कहा….
इस विकल्प को लेकर शिकायतकर्ताओं ने कहा कि राम हिन्दू धर्म के आराध्य देव हैं, ऐसे में प्रश्न के विकल्प के रूप में राम शब्द का प्रयोग धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला है।
05 सदस्यीय जांच समिति गठित, रिपोर्ट के बाद कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए शिकायत की जांच हेतु 05 सदस्यीय समिति का गठन किया गया। समिति की रिपोर्ट/अभिमत के आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी रायपुर, श्री हिमांशु भारतीय ने प्रश्नपत्र निर्माणकर्ता को दोषी ठहराते हुए निलंबन की कार्रवाई की है।
प्रश्नपत्र निर्माणकर्ता शिक्षिका निलंबित
जांच में दोषी पाए जाने पर श्रीमती शिखा सोनी, प्रधान पाठक, शासकीय प्राथमिक शाला नकटी (खपरी), विकासखंड तिल्दा, जिला रायपुर को निलंबित कर दिया गया है।
पेपर मॉडरेटर पर सेवा से पृथक करने की कार्रवाई
इसके साथ ही पेपर मॉडरेशन में लापरवाही बरतने पर श्रीमती नम्रता वर्मा, सहायक शिक्षक (संविदा) को सेवा से पृथक (टर्मिनेट) करने की कार्रवाई प्रक्रियाधीन बताई गई है।
अन्य अधिकारियों पर भी विभागीय कार्रवाई
इस मामले में जिला शिक्षा अधिकारी ने प्रशासनिक स्तर पर भी जवाबदेही तय करते हुए—
विकासखंड शिक्षा अधिकारी, तिल्दा को चेतावनी पत्र जारी किया, कारण—
“सही एवं अनुभवी शिक्षक का चयन नहीं करना”
प्राचार्य, शहीद स्मारक स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, रायपुर को भी चेतावनी पत्र जारी किया गया, कारण—
“सही मॉडरेटर शिक्षक का चयन नहीं करना”
जिला शिक्षा विभाग का संदेश
जिला शिक्षा कार्यालय के अनुसार, परीक्षा प्रश्नपत्र जैसे संवेदनशील कार्य में शब्द चयन एवं मॉडरेशन की प्रक्रिया में अत्यंत सावधानी बरतना अनिवार्य है। भविष्य में इस प्रकार की त्रुटियों से बचने हेतु संबंधित स्तरों पर कड़ी निगरानी एवं प्रक्रिया में सुधार के निर्देश दिए गए हैं।



