सरकारी आवास में 4 लोगों की मौत से सनसनी, डॉक्टर ने पत्नी और 2 बच्चों की हत्या के बाद की खुदकुशी

उत्तर प्रदेश के रायबरेली में स्थित सरकारी आवास में 4 लोगों के शव मिलने से सनसनी फैल गई है। दरअसल,  रेल कोच फैक्ट्री में तैनात डॉक्टर, उनकी पत्नी और 2 बच्चों का शव उनके सरकारी आवास से बरामद हुआ है। जानकारी के मुताबिक डॉक्टर ने अपने पूरे परिवार की हत्या के बाद आत्महत्या कर ली। डॉक्टर अरुण कुमार सिंह ने अपनी पत्नी, बेटा और बेटी के सिर पर हथौड़े से हमला किया। इसके बाद खुद की भी जान ले ली।

रायबरेली SP आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि पता चला है कि डॉक्टर डिप्रेशन के मरीज थे। प्रथम दृष्टया लग रहा है कि बच्चों को नशे की दवा खिलाकर पहले बेहोश किया। उसके बाद सिर पर हमला करके उनकी हत्या की है। उसके बाद खुदकी नसों को काटने का प्रयास किया, सफल न होने पर फांसी लगा ली। पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि डॉक्टर और उनके परिजन दो दिन से आवास के बाहर नहीं दिख रहे थे। आवास का दरवाजा भी अंदर से बंद था। शक होने पर मंगलवार देर रात आसपास के लोगों ने पुलिस और आरपीएफ को सूचना दी। मौके पर पहुंचे सीओ महिपाल पाठक और अपराध निरीक्षक पंकज त्यागी ने आवास दरवाजा तोड़वाया। पुलिसकर्मी अंदर पहुंचे तो डॉक्टर शव फंदे से लटका मिला। वहीं 3 लोगों के शव नीचे मिले। डॉ. अरुण मिर्जापुर जनपद के चुनार क्षेत्र के फरहाना गांव के रहने वाले थे।

Related Articles

Back to top button